Etawah News: फर्जी बैनामा कराने में सब रजिस्ट्रार समेत 12 पर FIR, डिप्टी सीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई
इटावा में फर्जी बैनामा कराने में सब रजिस्ट्रार समेत 12 पर एफआईआर।
इटावा में फर्जी बैनामा कराने में सब रजिस्ट्रार समेत 12 पर एफआईआर दर्ज हुई। दूसरी महिला को प्रस्तुत करके धोखाधड़ी की। डिप्टी सीएम के निर्देश पर कार्रवाई हुई।
इटावा, अमृत विचार। शहर में कीमती प्लॉट पर कब्जे का खेल करते हुए दूसरी महिला को प्रस्तुत करके जालसाजी से बैनामा करा लिया गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिये। तब असली प्लाट मालिक की ओर से सब रजिस्ट्रार समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
थाना ऊसराहार के गांव गपचिया की मूल निवासी श्रीदेवी पर्वतीय कालोनी फरीदाबाद हरियाणा में रहतीं हैं। उन्होंने फ्रेंड्स कालोनी थाने में सदर तहसील के रजिस्ट्री ऑफिस के सब रजिस्ट्रार विनय सिंह, दस्तावेज लेखक राजीव पाल, ऊसराहार के गांव अमथरी के रंजीत सिंह, थाना चौबिया के गांव गोरादयालपुर के राघवेंद्र यादव, ओमवीर, अज्ञात महिला सहित 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इसमें कहा गया है कि वर्ष 2000 में सिराजमऊ में प्लॉट लिया था। 2022 में इसका अपने नाम दाखिल खारिज कराया और नींव भरवाकर कब्जा ले लिया और पति के साथ फरीदाबाद में रहने लगीं। चार महीने पहले पता चला कि कुछ लोग प्लॉट की नापजोख कर रहे हैं। इस पर यहां आकर जानकारी की तो पता चला कि रंजीत सिंह ने किसी अज्ञात महिला को रजिस्ट्री ऑफिस में प्रस्तुत करके जालसाजी से अंगूठे लगवाकर 08 फरवरी 2023 को उनके प्लॉट का बैनामा करा लिया।
इसके बाद 24 मार्च को राघवेंद्र के नाम बैनामा कर दिया। इसकी शिकायतें अधिकारियों से की गयी लेकिन उनको टरका दिया गया। तब उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मिलकर अपनी व्यथा सुनायी। डिप्टी सीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई के निर्देश दिये। डिप्टी सीएम के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सक्रिय हुयी और महिला को बुलाकर मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में सब रजिस्ट्रार समेत 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गयी है।
