Kanpur: अक्टूबर में मंधना-शुक्लागंज फोरलेन की शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया, 162 करोड़ की लागत से किया जा रहा तैयार
अक्टूबर में मंधना-शुक्लागंज फोरलेन का शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया।
अक्टूबर में मंधना-शुक्लागंज फोरलेन का टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। करीब 162 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है।
कानपुर, अमृत विचार। मंधना से आजाद चौराहा तक जाने वाली सड़क के फोरलेन बनने का रास्ता साफ हो गया। यह मार्ग अभी मंधना से मरहला चौराहा तक टू लेन है, अब इसे फोरलेन बनाया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी प्रमुख अभियंता ने योजना को मंजूर करने के साथ ही बजट आवंटन के लिए फाइल को अपर मुख्य सचिव वित्त की अध्यक्षता वाली व्यय एवं वित्त समिति को भेज दी थी। सितंबर माह में योजना को हरी झंडी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी की कानपुर और उन्नाव इकाई निर्माण के लिए अक्टूबर माह में टेंडर की प्रक्रिया शुरू करेगी।
मंधना से शुक्लागंज के मरहला चौराहा होते हुए आजाद चौराहा जाने वाले मार्ग पर यातायात के बढ़ने के कारण लोगों को जाम की समस्या का आए दिन सामना करना पड़ रहा था।
तत्कालीन मंडलायुक्त डा. राजशेखर की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय समिति ने मार्ग पर बढ़ते यातायात को ध्यान में रखते हुए इसे फोरलेन बनाने का प्रस्ताव दिया था। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी कानपुर और उन्नाव की ईकाई ने प्रोजेक्ट तैयार किया था। 17 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 162 करोड़ रुपये की लागत तय की गई है।
पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव तैयार कर फाइल मुख्यालय को भेजी थी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर मंधना से मरहला चौराहा, अजलगंज के रास्ते पुरवा होकर मोहनलालगंज जाने वाले मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित कर दिया था। सितंबर माह के अंत तक फोरलेन योजना को हरी झंडी मिलने के बाद अक्टूबर माह में पीडब्ल्यूडी विभाग टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। इस मार्ग के बनने से यातायात और सुगम हो जाएगा।
प्रमुख अभियंता ने प्रोजेक्ट मंजूर कर दिया है। 17 किलोमीटर के इस मार्ग के प्रस्ताव का सितंबर माह के अंत तक शासनादेश आने की संभावना है। शासनादेश आते ही अक्टूबर माह में टेंडर प्रक्रिया की शुरुआत होगी।- अखंडेश्वर, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
