Kanpur Dehat: जमीनी विवाद में हत्यारोपी बड़ा भाई गिरफ्तार, दो फरार, सब्बल से मंझले भाई की हत्या का मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में पुलिस ने भाई की हत्या का खुलासा किया।

कानपुर देहात में पुलिस ने भाई की हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो लोग मौके से फरार हो गए।

कानपुर देहात, अमृत विचार। पुलिस ने मझले भाई की हत्या के आरोपी बड़े भाई को आला कत्ल के साथ बेहटा बंबा के पास से गिरफ्तार किया है। सोमवार को उसका चालान कोर्ट भेजा गया। हालाकि अन्य दो आरोपी पुलिस की पकड़ से अब भी दूर हैं। 

शिवली कोतवाली क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी शशिकांत गौतम (30) बीते गुरुवार की रात अपने पिता रामपाल से दो बीघे जमीन मांगने गया था। तभी वहां मौजूद बड़े भाई शैलेंद्र उर्फ पिंटू से उसका विवाद होने लगा और उसने सब्बल से हमला कर दिया। बचने के लिए शशिकांत खेतों की तरफ भागा तो उसका पैर तार में फंस गया था। जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा था। तभी बड़े भाई पिंटू ने सब्बल से वार करके शशिकांत की हत्या कर दी थी।

पत्नी ने जेठ, देवर व ससुर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। रविवार की देर रात मैथा चौकी प्रभारी राम सिंह ने मुखबिर की सूचना पर बेहटा गांव के बंबे के पास से आरोपी शैलेंद्र उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में जमीनी विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल सब्बल भी बरामद किया है। कोतवाल एसएन सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा। 

भाई की हत्या का नहीं दिखा पछतावा

जमीनी विवाद में भाई की हत्या करने के आरोपी शैलेंद्र उर्फ पिंटू को अपने किए पर किसी तरह का पछतावा नहीं दिखा। उसने पुलिस को बताया कि अगर शशिकांत नहीं मरता तो वह उसे मार देता। ऐसे में उसका मर जाना ही ठीक रहा।

संबंधित समाचार