अमरोहा : रोडवेज बस ने बाइक को रौंदा, नोएडा के दो दोस्तों की मौत
मुरादाबाद में काम निपटाकर घर लौट रहे थे रिजवान व अरुण, चौधरपुर में ओवरब्रिज से आगे बरेली डिपो की बस ने बाइक को रौंदा
अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को नेशनल हाईवे-09 पर बरेली डिपो की बस ने बाइक सवार दो दोस्तों रौंद दिया। जिससे नोएडा निवासी दो दोस्तों की मौत हो गई। आरोपी चालक बस छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। बस में मौजूद सवारियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना कराया।
नोएडा क्षेत्र के गांव तिलसारी निवासी रिजवान अपने दोस्त अरुण निवासी गांव नंगला हाकम थाना जेवर नोएडा के साथ बाइक से किसी काम से मुरादाबाद आया था। दोनों काम निपटाकर घर जा रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। जैसी ही इनकी बाइक चौधरपुर में ओवरब्रिज से आगे पहुंची तभी पीछे से आ रही बरेली डिपो की रोडवेज बस ने दोनों को कुचल दिया। जिससे रिजवान व अरुण की मौत हो गई। बस में मौजूद सवारियां उतरकर हाईवे पर खड़ी हो गईं। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद डिडौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। क्षतिग्रस्त बस व बाइक को कब्जे में ले लिया।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक दोस्त थे। जेब में मिले मोबाइल से कॉल करके परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई है। परिजनों से बातचीत के बाद ही पता चल पाएगा कि मृतक रिजवान व उसका दोस्त अरुण मुरादाबाद आए थे। सीओ ने तहरीर के आधार पर ही मामले में अग्रिम कार्रवाई की बात कही है। जानकारी मिलने पर रात में ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए थे। बताया गया कि अरुण की चार माह पहले ही शादी हुई थी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : घर में घुसकर मारपीट व छेड़छाड करने वाले दस लोगों में एक गिरफ्तार
