शाहजहांपुर: प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी को चोर समझ बनाया बंधक, हुई पिटाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिटाई के दौरान बनाया गया वीडियो हो रहा वायरल

शाहजहांपुर/बंडा, अमृत विचार: प्रेमी को प्रेमिका से मिलना महंगा पड़ गया। परिवार के लोगों ने प्रेमी को घर में बंधक बनाकर जमकर मारा पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के बाद मामला रफादफा हो गया। पिटाई के दौरान कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया।

बंडा कस्बे के एक मोहल्ले के युवक का कस्बे के सटे एक गांव की युवती से काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था और उनकी फोन पर आए दिन बातें होती रहती थीं। इस दौरान दोनों का चोरी-छिपे एक दूसरे से मिलना जुलना भी बना रहता था। रविवार रात करीब एक बजे प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर जा पहुंचा।

रात में घर में खटपट की आवाज सुनकर प्रेमिका के परिवार वाले जाग गए और घर में घुसे युवक को चोर समझकर पकड़ लिया। इसके बाद उसे रस्सी से घर के अंदर थमले में बांध दिया और फिर जमकर पिटाई लगानी शुरू कर दी। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के कई लोग जाग उठे। कुछ लोगों ने युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने का वीडियो भी बना लिया, जो  सोशल मीडिया वायरल हो रहा है।

परिवार के लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले आई। जहां दोनों पक्षों में समझौता हो जाने पर उसे छोड़ दिया गया। प्रेमिका के घर प्रेमी के पकड़े जाने की क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत ने बताया कि मामला थाने तक आया था, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।

पहले भी प्रेमी पा चुके हैं सजा: 22 जुलाई को जलालाबाद का एक युवक बुर्का पहनकर परौर क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंच गया। गांव वालों को कुछ शक हुआ तो युवक को रोका। बुर्का उतरवाया तो महिला की जगह युवक निकला। गांव वालों ने प्रेमी की पिटाई कर दी।  

11 जुलाई को  खुदागंज क्षेत्र के एक गांव में पीलीभीत के थाना बिलसंडा क्षेत्र के एक गांव का युवक शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसकी ससुराल पहुंच गया। अचानक आंख खुलने पर ससुर ने बहू को प्रेमी के साथ देखा तो उसे पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की गई।

सात दिसंबर 2022 को बंडा क्षेत्र के एक गांव में रात प्रेमिका प्रेमी से मिलने उसके घर चली गई। जिसे गांव के ही किसी व्यक्ति ने देख लिया और प्रेमिका के घरवालों को सूचना दे दी। प्रेमिका के घरवाले प्रेमी के घर पहुंच गए। जहां प्रेमी की जमकर धुनाई कर दी।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: बालामऊ पैसेंजर का इंजन फेल, सीतापुर पैसेंजर ढाई घंटे लेट 

संबंधित समाचार