Indian Squad for World Cup 2023 : वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, केएल राहुल-सूर्यकुमार समेत इन खिलाड़ियों को मिला मौका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए टीम इंडिया की घोषणा हो गई है। चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के साथ टीम का ऐलान किया। रोहित शर्मा कप्तान और हार्दिक पंड्या को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को विश्व कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में चुना गया है। चयनकर्ताओं ने टीम में सात बल्लेबाजों और चार हरफनमौलाओं को जगह दी है। राहुल हैमस्ट्रिंग चोट के कारण महीनों से टीम से बाहर हैं। वह चल रहे एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुने गए थे लेकिन अभी तक एक भी मैच नहीं खेल सके हैं। एशिया कप से पहले लगी चोट के कारण वह टीम से फिलहाल बाहर हैं। वहीं एशिया कप टीम में मौजूद तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा और संजू सैमसन वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं बना पाए हैं।

वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, सूर्याकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव।

मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने कहा , फिटनेस से जुड़े कुछ मसले हैं लेकिन तीनों खिलाड़ियों ने वापसी की है। केएल फिट हैं । मुझे लगता है कि यह विश्व कप के लिये सबसे संतुलित टीम है। उन्होंने कहा ,केएल फिट है लेकिन एशिया कप से पहले मामूली दिक्कत हुई है। वह इससे उबर चुका है। वह हमारे लिये महत्वपूर्ण खिलाड़ी है और हमें खुशी है कि वह टीम में है । एशिया कप टीम में शामिल तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और बायें हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम में जगह नहीं मिल सकी। विश्व कप पांच अक्टूबर से शुरू होगा जिसमें पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेला जाना है। भारतीय टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ आठ अक्टूबर को पहला मैच खेलेगी ।

भारत-पाक मुकाबला 14 अक्टूबर
वनडे वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड मुकाबले के साथ अहमदाबाद से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को खेला जाएगा। भारतीय टीम वर्ल्ड कप 2023 सीजन में अपना पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को खेलेगी। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेला जाएगा। वहीं वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है। 

ये भी पढ़ें : Asia Cup 2023 : विक्रम राठौड़ ने कहा- हम पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों के खिलाफ बड़ा स्कोर बना सकते हैं

संबंधित समाचार