Ghosi bypoll : 11 बजे तक 21 फीसदी से ज्यादा मतदान, सपा ने धांधली का लगाया आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/मऊ, अमृत विचार। घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे तक 21.57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं, मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने उपचुनाव में व्यापक धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि घोसी उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया और वोट शाम छह बजे तक पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों पर जो मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, वे भी वोट डाल सकेंगे। 

रिणवा ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे तक घोसी में औसतन 21.57 प्रतिशत वोट पड़े। रिणवा के मुताबिक, घोसी उपचुनाव के लिए 239 मतदान केंद्र और कुल 455 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस उपचुनाव में 4.30 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिनमें 2.31 लाख पुरुष, 1.99 लाख महिलाएं और नौ अन्य शामिल हैं। घोसी उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। 

इस बीच, सपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि घोसी विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 147 (मोहम्मदिया मदरसा, बड़ागांव, करीमुद्दीनपुर) पर मतदान अधिकारी मुस्लिम मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं। सिंह ने दावा किया कि मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद मुस्लिम मतदाताओं को यह कहकर लौटाया जा रहा है कि उनका वोट पड़ चुका है। पत्र में सिंह ने कहा है कि जब मतदाता इसका प्रतिरोध कर रहे हैं, तब पुलिस और मतदान अधिकारी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर अपशब्दों का प्रयोग कर उन्हें वहां से भगा रहे हैं। सपा नेता ने कहा कि किसी भी मतदाता को मताधिकार के इस्तेमाल से वंचित करना एक आपराधिक कृत्य है। 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बूथ संख्या 60 पर दौलतपुर के ग्राम प्रधान रविंद्र नाथ और बूथ संख्या 419 पर पोलिंग एजेंट धर्मेंद्र यादव को पुलिस पकड़ ले गई है और उन पर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का दबाव बना रही है। सिंह ने आयोग से इन घटनाओं का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। 

ये भी पढ़ें -चुनाव एनडीए बनाम इंडिया नहीं, बल्कि दो प्रत्याशियों के बीच : सुधाकर सिंह

संबंधित समाचार