संभल: नेवले के काटने से किसान की मौत, धान की फसल में खाद लगा रहा था बाबूराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोमवार की शाम हालत बिगड़ने पर मुरादाबाद ले जाते समय दम तोड़ा

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। नगर के मंडी समिति के पीछे आनंद विहार कालोनी निवासी किसान की नेवले के काटने से हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। 

थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव मैथरा निवासी किसान बाबूराम (50) पुत्र रामपाल करीब चार साल से परिवार के साथ मंडी समिति के पीछे आनंद विहार कालोनी में मकान बना कर रह रहा था। गांव मैथरा में स्थित भूमि पर खेती कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। एक सप्ताह पहले बाबूराम धान की फसल में खाद लगाने गया था। खाद लगाते समय नेवले ने पैर में काट लिया था।

 फसल में खाद लगाने के बाद बाबूराम अपने घर वापस आनंद कालोनी आ गए। बाबूराम ने परिजनों को नेवले द्वारा काटे जाने की बात नहीं बताई। रविवार को बाबूराम की हालत बिगड़ने लगी। तब बाबूराम ने परिवार के सदस्यों को नेवले के काटने की बात बताई। इस पर परिजन तत्काल उन्हें पार्थ अस्पताल ले गए। जहां हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया।

 रेफर करने के बाद सोमवार की शाम परिजन मुरादाबाद ले जा रहे थे। बिलारी के निकट बाबूराम की सांसें थम गईं। परिजन शव घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। बाबूराम के चार बच्चे हैं। जिसमें तीन बच्चों की शादी हो चुकी है। सबसे छोटा बेटा महेंद्र 18 वर्ष का है। परिवार की आर्थिक हालत ठीक न होने पर परिजनों ने सरकारी मदद दिलाए जाने की मांग की है। 

ये भी पढ़ें:- संभल: पेड़ से गिरकर ईंट भट्ठा साझीदार की मौत, टहनियां काट रही बेटी की सुरक्षा के लिए चढ़ा था पेड़ पर

संबंधित समाचार