पीलीभीत: तराई में कैसे मजबूत किया जाए इंडिया गठबंधन, कई दलों के नेताओं ने किया मंथन
पीलीभीत, अमृत विचार। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा से सीधी टक्कर लेने के लिए तैयार किए गए इंडिया गठबंधन में शामिल प्रमुख राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने मंगलवार को बैठक की। जिसमें दस सितंबर को होने वाली बैठक को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्षी दल एकजुट हैं।
शहर के एक होटल में हुई बैठक में समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व जिलाध्यक्ष आरिफ हजरत खां, भाकपा माले के जिला प्रभारी अफरोज आलम, टीएमसी के जिलाध्यक्ष अकील अहमद इदरीशी, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा आदि ने कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
कहा कि सर्वसम्मति से देश में विपक्षी दलों के राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट होकर इंडिया गठबंधन बनाए जाने से सत्ताधारी भाजपा में घबराहट है। जिला स्तर पर इंडिया गठबंधन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान दस सितंबर को इंडिया गठबंधन की जनपद स्तरीय पहली बैठक करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर सपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्र कट्टर, सपा अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष रियाज खां, रालोद नगराध्यक्ष हरिराम शर्मा, कांग्रेस सोशल मीडिया प्रदेश महासचिव करनजीत सिंह, पप्पू शाह आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बच्चे ना होने पर प्रताड़िता किया तो विवाहिता ने दी जान, ससुरालियों पर अब हुई कार्रवाई
