Chitrakoot: बोतल चढ़ाई और ताला बंदकर घर चले गए स्वास्थ्यकर्मी, चिल्लाने पर गांववाले दौड़े तो बची मरीज की जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में स्वास्थ्यकर्मी ने बोतल चढ़ाई और ताला बंदकर घर चले गए।

चित्रकूट में स्वास्थ्यकर्मी ने बोतल चढ़ाई और ताला बंदकर घर चले गए। चिल्लाने पर गांववाले दौड़े तो मरीज की जान बची।

चित्रकूट, अमृत विचार। शासन-प्रशासन द्वारा चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त करने के चाहे जितने वादे-दावे किए जाएं पर अक्सर ऐसी घटनाएं हो जाती हैं, जिससे इन पर विश्वास करने का जी नहीं चाहता। मानिकपुर ब्लाक के रुखमा खुर्द गांव में ऐसी ही घटना हुई, जहां चिकित्साकर्मी एक मरीज को बोतल चढ़ाने के बाद भूल गए और ताला बंद कर चले गए। वह तो शुक्र रहा कि गांव के लोगों को किसी तरह जानकारी हो गई और उसकी जान बची।

जानकारी के अनुसार, कैलहा ग्राम पंचायत की भीखमपुर कालोनी के निवासी सहमत की मंगलवार की सुबह तबीयत खराब हो गई। उसके परिजनों ने बताया कि वह नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रुखमा खुर्द चला गया। यहां उसको फार्मासिस्ट ने भर्ती कर लिया और बोतल चढ़ा दी। आरोप है कि लापरवाही का हाल यह कि इसके बाद वह भूल गया कि किसी को डिप लगाई है।

थोड़ी देर बाद वहां का कर्मचारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का ताला बंद कर चला गया। जब मरीज को बोतल चढ़ने के बाद कुछ होश आया तो उसने देखा कि बोतल खाली हो गई थी और उसमें खून आने लगा था। इस पर वह चिल्लाया और खिड़की के पास किसी तरह पहुंचकर गांववालों को आवाज दी, हाथ से इशारा किया।

भगवान का शुक्र रहा कि कुछ लोगों ने उसको देख लिया और भागकर वहां पहुंचे। लोगों ने सहमत को खिड़की से पहले खाना-पानी दिया। बताया जाता है कि गांववाले इतने आक्रोशित थे कि कुछ लोगों ने जब दरवाजा खोलकर उसे निकालना चाहा तो ये अड़ गए कि पहले उच्चाधिकारी यहां आकर देखें तब इसे निकालेंगे। हालांकि बाद में किसी तरह सहमत को निकाला गया और उसकी जान बची।

सीएमओ बोले, कार्रवाई करेंगे

उधर, इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि उनको घटना की जानकारी मिली है। पता चला है कि फार्मासिस्ट चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सहारे मरीज को छोड़कर चला गया था और इसके बाद कर्मचारी भी ताला लगाकर घर चला गया। उन्होंने कहा कि यह सरासर लापरवाही है। फार्मासिस्ट की पहले भी शिकायतें मिली हैं। बताया कि दूर होने की वजह से कोई इस पीएचसी में जाना नहीं चाहता। जल्द ही दूसरे फार्मासिस्ट की तैनाती की जाएगी।

संबंधित समाचार