कासगंज: यूपी में भी होगी महाराष्ट्र जैसी घटना, बदले जाएंगे पाले- ओमप्रकाश राजभर
कासगंज, अमृत विचार। भाजपा की सहयोगी पार्टी एवं हाल ही में एनडीए में शामिल हुई सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि महाराष्ट्र जैसे की घटना यूपी में होने वाली है और यहां भी पाले बदले जाएंगे। समाजवादी पार्टी को करारा झटका लगेगा। वैसे सपा को रसातल में ले जाने के लिए स्वामी प्रसाद मौर्य काफी हैं।
मंगलवार की देर शाम पटियाली थाना क्षेत्र के गांव नगला बंजारा में ओमप्रकाश राजभर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ओबीसी समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। कभी इनको कोई हिस्सेदारी नहीं दी। बंजारा समाज, नाई, गोड, पाल, प्रजापति, मल्लाह, कश्यप, राजभर सहित लगभग एक दर्जन जातियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कभी इनका हित नहीं देखा।
बंजारा समाज के किसी व्यक्ति को सिपाही तक नहीं बनाया। इनसे राजनीतिक भागीदारी की बात करिए तो भी यह नहीं देंगे तो यह समाज मात्र आपके यहां वोट बनने की मशीन बन के नहीं रहेगा। इस कारण उन्होंने मेरे साथ ऐसा किया तब मुझे सपा को छोड़ना पड़ा। राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री कभी यादव क्यों नहीं बनेगा वह भी समझिए। सपा को 18 प्रतिशत वोट मुसलमानों ने दिया और 9 प्रतिशत यादवों ने, लेकिन अखिलेश यादव ने एक मुसलमान को डिप्टी सीएम तक नहीं बनाया। यहां तक कि सिपाही दरोगा तक नहीं बनाया।
उन्होंने कहा कि आज लगभग 15 प्रतिशत मुसलमान बीजेपी को वोट दे रहा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की घटना यहां होगी। राजभर ने शिवपाल सिंह यादव के जल्द बीजेपी में शामिल होने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि यही शिवपाल सिंह को जब बंगला और सुरक्षा मिली तो अखिलेश यादव पानी पी पी कर शिवपाल सिंह यादव को बोलते थे कि हमारा चाचा बीजेपी का एजेंट है। अब जहां दाग लग गया है तो छूटेगा कैसे। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला बोलते हुए कहा कि यह समाजवादी पार्टी को रसातल में पहुंचाने के लिए भेजे गए हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के सीटों के बंटवारे को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि हम नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- कासगंज: तकादा कर लौट रहे मुनीम से 5.30 लाख रुपये की लूट, बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
