पीलीभीत: ओटी में कार्रवाई कर बताते रहे अस्पताल सील, तहसीलदार बोले-  हमें नहीं बुलाया पता नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/माधोटांडा,अमृत विचार। प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में निजी अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर सील करने के बाद कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी गई है। अस्पताल संचालक अभी तक स्वास्थ्य विभाग को अभिलेख नहीं दिखा सका है।  

वहीं, टीम आगे की कार्रवाई को लेकर टालमटोल कर रही है। सीएचसी अधीक्षक ने अस्पताल सील किए जाने की बात कही, लेकिन तहसीलदार के अस्पताल सील किए जाने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद अब स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अब अस्पताल बंद होने का हवाला दे रहे हैं। 

बता दें कि माधोटांडा कस्बे में 31 अगस्त को एक प्रसूता को कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई थी। परिजन ने कोई शिकायत नहीं की थी लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक सितंबर को मौके पर पहुंचकर निजी अस्पताल की ओटी को सील कर दिया था। इसके बाद से अस्पताल बंद चल रहा है।

इस मामले में स्वास्थ्य टीम ने पूरा अस्पताल सील करने की बात शुरू में कही थी लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई को गति नहीं मिली है।जिससे सांठगांठ को लेकर चर्चाएं तेज हो रही है। सीएचसी अधीक्षक ने बंद चल रहे अस्पताल के सील होने की बात तक कह दी थी।

मगर तहसीलदार ने इससे इनकार कर दिया।  इसके बाद चर्चाएं और बढ़ गई।  उधर,  पूरनपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ.अनिकेत कुमार ने बताया कि अस्पताल संचालक से अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। हालांकि इसके द्वारा अभी अभिलेख मुहैया नहीं कराए गए हैं।  जांच चल रही है, सख्त एक्शन लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें-  पीलीभीत: त्योहार पर विवाद की आशंका गहराई तो पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई...आईजी भी आए

संबंधित समाचार