Kanpur News: शहर को जल्द मिलेंगी 150 ई-सिटी बसें, नए रूटों पर भी दौड़ेंगी, इतने यात्रियों को मिलेगी सुविधा
कानपुर को जल्द मिलेंगी 150 ई-सिटी बसें।
कानपुर को जल्द 150 ई-सिटी बसें मिलेंगी। नई बसें नए रूटों पर भी दौड़ेंगी। 60 हज़ार यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
कानपुर, अमृत विचार। शहर को 150 सिटी बसें पीएम ई-बस सेवा के तहत मिलने वाली हैं। इसका ऐलान शुक्रवार को प्रशासन ने कर दिया है। माना जा रहा है कि यह नई बसें अगले वर्ष जनवरी महीने के अंतिम सप्ताह तक सड़कों पर दौडने लगेंगी। नई बसें चलने से शहर में लगभग 60 हज़ार अतिरिक्त यात्रियों को लाभ हासिल होगा। फिलहाल शहर में 100 ई सिटी बसें चलती हैं। इन बसों में रोजाना औसत लगभग 40 हज़ार यात्री सफर करते हैं।
माना जा रहा है कि नई मिलने वाली ई सिटी बसों को ऐसे रूट पर भी चलाया जा सकेगा, जहां पर फिलहाल यात्रियों की क्षमता के अनुसार बसों की संख्या कम है। इन रूट में कानपुर से शिवली, कानपुर से घाटमपुर सहित अन्य रूट शामिल हैं। एक योजना के अनुसार ऐसे रूट जहां पर औसत बसों की संख्या 5 से कम है उन रूटों पर भी नई बसों के जरिए वाहन की संख्या में इजाफा किया जाएगा।
अब होगा रूट का सर्वे
प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से 150 बसों के शहर आने की सूचना दिए जाने के बाद अब नए रूट पर बसों के संचालन का सर्वे शुरू किया जाएगा। इस सर्वे में यात्रियों की क्षमता के अनुसार बसों की संख्या निर्धारित की जाएगी। यह भी माना जा रहा है कि शहर के आसपास के मंदिरों में दर्शनार्थियों के लिए भी कुछ विशेष बसें चलाई जा सकेंगी। एक अनुमान के अनुसार शहर में धार्मिक पर्यटन के तहत विभिन्न मंदिरों में लगभग 5 हज़ार यात्री रोजाना बस से सफर कर दर्शन करने आते हैं। ऐसे यात्रियों के लिए नई बसों की सुविधा शुरू की जा सकती है।
यात्रियों का इंतजार होगा खत्म
शहर में 150 नई बसें आ जाने के बाद कुल बसों की संख्या 250 हो जाएगी। ऐसी स्थिति में वे रूट जहां पर यात्रियों की क्षमता के अनुसार कम बसों का संचालन हो रहा है, वहां पर यात्रियों को बस का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ऐसे रूट पर बसों की संख्या बढ़ जाने से हर 5 मिनट में एक बस यात्री को मिल सकेगी।
