गाजीपुर में बोले मनोज सिन्हा- राजनीति के जरिये देश की सेवा करने वालों को अपना समर्थन दे जनता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाजीपुर। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को जनता से अपील की कि वह राजनीति को व्यापार बनाने वालों को नकार कर राजनीति के जरिये देश और देशवासियों की सेवा करने वालों को अपना समर्थन दे, जिससे भारत विश्व में अपना सर्वोच्च स्थान बना सके। यहां मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नेता रहे रामनाथ यादव की मूर्ति का लोकार्पण करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश सेवा करने की जो राजनीति आरंभ की है, वह भारत को सर्वश्रेष्ठ बनाएगा।

उन्होंने कहा कि इसी क्रम में शिक्षा नीति में जो परिवर्तन सरकार ने किया है, वह लागू होने के बाद पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा तथा देशवासियों को अपने देश की गौरवशाली इतिहास की जानकारी होगी। उपराज्यपाल ने भारत में चल रहे जी20 की बैठक की चर्चा करते कहा कि आज पूरा विश्व भारत की अध्यक्षता में एकत्र होकर यह रास्ता खोज रहा है कि पूरी दुनिया में खुशहाली किस तरह लाई जाए। उन्होंने कहा , ‘‘यह हमारे देश के लिए गर्व का विषय है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका पूरे विश्व में बज रहा है।’’ 

सिन्हा ने कहा, ‘‘विदेशी राष्ट्राध्यक्ष/शासनाध्यक्ष भारत की सराहना कर रहे हैं। देशवासियों को भी इस बात की खुशी हो रही है कि उनका देश प्रगति की ओर अग्रसर है। जनता सरकार की सराहना कर रही है।’’ उन्होंने उपस्थित जनसमूह को यह विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें जिस उद्देश्य से जम्मू कश्मीर भेजा है, वह कार्य जनता के सहयोग से वह जरूर पूरा करेंगे तथा वहां जनता को प्यार से जोड़कर जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बना कर लौटेंगे। 

उन्होंने कहा कि वहां की जनता के मन में प्यार के माध्यम से भारतीयता को उतारा जा रहा है, जिसमें भारी सफलता मिल रही है। उपराज्यपाल ने कहा कि यह देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है कि वहां खुशहाली और शांति है। उन्होंने जनता से कहा कि वह जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करने वालों को करारा सबक सिखाए, उन्हें सबक सिखाएं जो लोग देश को हमेशा बदनाम करने और नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे है। 

ये भी पढ़ें -बहराइच: पांच सेंड बोआ सांप के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों की बताई जा रही कीमत

संबंधित समाचार