मुरादाबाद: 500 के करीब पहुंची मंडल में डेंगू मरीजों की संख्या, नियंत्रण के उपाय बेदम
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े में मुरादाबाद में 201, संभल में 108, अमरोहा में 60, रामपुर में 78 और बिजनौर में 41 डेंगू के मरीज, डेंगू आशंकित 7 मरीजों की मौत मान रहा विभाग, बुखार के रोगियों की संख्या ने बढ़ाई चिंता
मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडल में डेंगू बेकाबू और नियंत्रण के उपाय बेदम हैं। डेंगू मरीजों की संख्या 500 के करीब पहुंच गई है। जिसमें सर्वाधिक 201 डेंगू के रोगी मंडल मुख्यालय के हैं। जागरूकता और इलाज के समुचित प्रबंध न होने का खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। डेंगू के लार्वा को नष्ट करने के लिए न तो महानगर के मुहल्लों और ग्रामीण क्षेत्र में एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है और न ही प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य कर्मी सक्रिय हैं।
सितंबर में हर दिन डेंगू के नये मरीज चिह्नित हो रहे हैं। मच्छरों पर अंकुश कर उनके लार्वा नष्ट करने में गंभीरता और जागरूकता के उपाय समय से न होने के चलते मंडल के हर जिले में डेंगू और बुखार के मरीज अस्पतालों में भरे होने से बेड कम पड़ रहे हैं। मंडल में डेंगू मरीजों की कुल संख्या 488 पहुंच गई है। जो स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्साधिकारियों के शिथिल कार्यशैली की पोल खोल रहे हैं। मंडल मुख्यालय पर सर्वाधिक 201 डेंगू के मरीज हैं। यहां बीजना गांव में ही 30 से अधिक मरीज अब तक सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने इस गांव में निरीक्षण किया तो जलभराव और गंदगी सामने देखी।
वहीं, मंडल मुख्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला पुरुष चिकित्सालय में 32 बेड के डेंगू और फीवर वार्ड में मरीज भरे हैं। चिल्ड्रन वार्ड का भी यही हाल है।
मुरादाबाद के अलावा संभल 108, अमरोहा 60, रामपुर 78 और बिजनौर में 41 डेंगू के मरीज स्वास्थ्य विभाग अपने रिकॉर्ड में मान रहा है। हालांकि संख्या इससे कहीं अधिक होने का अनुमान है। क्योंकि निजी चिकित्सालयों में चिकित्सक मरीजों को डेंगू बताकर इलाज कर रहे हैं। लेकिन चिकित्साधिकारी एलाइजा जांच रिपोर्ट के बिना इसे मानने को तैयार नहीं हैं। वहीं 7 डेंगू आशंकित मरीजों की मौत भी विभाग मान रहा है। जिसमें मुरादाबाद और संभल में 3-3 और अमरोहा में एक डेंगू संभावित मरीज की मौत के आंकड़े हैं।
मंडल के पांचों जिलों में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अब तक कुल 488 डेंगू के रोगी चिह्नित हुए हैं। सात डेंगू आशंकित रोगियों की मौत हुई है। जिसमें मुरादाबाद और संभल में 3-3 और अमरोहा में एक मरीज शामिल हैं। डेंगू रोगियों के इलाज और नियंत्रण के प्रभावी कदम उठाने के लिए सभी जिलों के चिकित्साधिकारियों को निर्देश एडी हेल्थ के माध्यम से दिया गया है। डॉ. नवीन रस्तोगी, मंडलीय सर्विलांस अधिकारी
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: बारिश में सुबह टूटे तार, शाम को सही करने पहुंचे कर्मचारी
