UP Dog Attack : नोएडा में दम्पति पर महिला ने छोड़े पालतू कुत्ते, शिकायत दर्ज
गौतमबुद्धनगर, अमृत विचार। यूपी में कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। शनिवार को नोएडा के सेक्टर 105 में सुबह सेंट्रल पार्क में टहल रहे दम्पति के ऊपर एक महिला ने अपने पालतू कुत्तों को छोड़ दिया। दम्पति को कुत्तों ने जगह-जगह काट लिया है। दम्पति की तरफ से सेक्टर 39 थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित दम्पति सेक्टर-105 में रहते हैं। पति सुंदर सिंह के मुताबिक शनिवार को सुबह वो अपनी पत्नी के साथ सेंट्रल पार्क में टहल रहे थे। इस दौरान एक महिला वाकिंग ट्रैक पर अपने दो कुत्तों को टहला रही थी। दम्पति ने उसे कुत्तों को वाकिंग ट्रैक से हटाने को कहा। जिसपर महिला गुस्सा हो गई और उसने गो-गो कहते हुए दोनों कुत्तों को दम्पति पर हमला करने के लिए छोड़ दिया। इस हमले में सुंदर सिंह के हाथ और पेट में गहरे जख्म हुए हैं। इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की गई है।
गाजियाबाद में बच्चे पर हमला
गाजियाबाद में एक बच्चे को पालतू कुत्ते ने काट लिया। घटना इंदिरापुरम की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार सोसाइटी की लाउंज में कई लोगों के पालतू कुत्ते बैठे हुए थे। बच्चा जब वहां से निकला तो कुत्तों ने उसपर हमला कर दिया। इस हमले में कुत्तों ने बच्चे की जांघ को नोचकर उसे जख्मी कर दिया है। बच्चे के परिजनों की तरफ से निगम प्रशासन से इसकी शिकायत की गई है।
ये भी पढ़ें -अमेठी में बारिश के दौरान गिरी दीवार, बुजुर्ग की मौत
