Hamirpur: प्रेमी को पाने के लिए हत्यारिन बनी पत्नी, पति की हत्या कर गड्ढे में फेंका शव, CCTV से खुला राज
हमीरपुर में अवैध संबंधों में महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी।
हमीरपुर में अवैध संबंधों में महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद ट्रैक्टर से लादकर सड़क के भारी भरकम गड्ढ़े में शव फेंक दिया। सीसीटीवी से पूरा राज खुल गया।
हमीरपुर, अमृत विचार। कुरारा कस्बे में वार्ड नंबर नौ में प्रेम प्रसंग में बाधक बने पति को पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर शनिवार की रात हत्या कर शव को ट्रैक्टर में ले जाकर बेरी तिराहा के पास सड़क के भारी भरकम गड्ढे में फेंक दिया। जिससे कस्बे में सनसनी फैल गई। मृतक की बहन ने अपनी भाभी व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस उपाधीक्षक मायाराम वर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
कस्बा के वार्ड नंबर नौ निवासी कामता (36) पुत्र छिद्दू की पत्नी अंजू कबीर ने अपने प्रेमी वीरेंद्र सिंह निवासी शंकरपुर (पारा) के साथ मिलकर घर में हत्या कर दी। इसके बाद हादसे का रूप देने के उद्देश्य से शव को ट्रैक्टर में लादकर बेरी तिराहे के निकट बीच सड़क में हुए भारी भरकम गड्ढे में फेंक दिया। हत्यारोपी प्रेमी चालक वीरेंद्र वापस ट्रैक्टर घर में खड़ा कर अपने गांव शंकरपुर रात में ही भाग निकला।
कस्बे में यह घटना आग की तरह फैलने से लोगों में तरह-तरह की चर्चा होने लगी। इधर सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में ट्रैक्टर से गड्ढों में शव फेंकते एक व्यक्ति दिखाई देता पुलिस ने देखा। जिससे पुलिस ने आरोपी व मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पहले तो मृतक की पत्नी अंजू ने पुलिस को बताया कि पति अत्यधिक शराब पीने का आदी था। जिससे हादसे में मौत हो गई।
उधर, भाई की मौत की खबर सुनकर आई बहन रानी पत्नी राजेंद्र प्रसाद आई। थाने में दी तहरीर में बताया कि अवैध संबंधों के कारण उसकी भाभी व ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र सिंह ने भाई कामता की हत्या कर शव को सड़क के गड्ढे में फेंका है। पुलिस ने पत्नी अंजू व चालक वीरेंद्र सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। कोतवाली निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते युवक की हत्या की गई है।
