अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- सनातन विरोधियों के खिलाफ राहुल ने नहीं बोला एक भी शब्द

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिवनी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि सनातन के खिलाफ बोलने वालों के खिलाफ गांधी ने एक भी शब्द नहीं बोला, इसका मतलब कांग्रेस इन सभी के समर्थन में है। ठाकुर मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा के सिलसिले में मध्यप्रदेश के सिवनी आए थे। 

इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस सनातन धर्म को गाली देने में सबसे आगे है। कांग्रेस और अन्य दलों ने एक ठगबंधन बनाया हुआ है। ये सब वे ही हैं जो यूपीए के मंच पर थे, बस उन्होंने अपना चोला बदला है, पर इससे कुछ नहीं होगा। ये सिर्फ अब हिंदुओं को अपमानित कर रहे हैं। 

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गांधी विदेशी धरती पर भारत की छवि खराब करते हैं और देश के अंदर इनके नेता हिंदुओं को अपमानित कर रहे हैं। राहुल गांधी अपने इन नेताओं के खिलाफ एक शब्द नहीं बोले, इसका मतलब कांग्रेस का इन सभी को समर्थन है। इन दलों की रणनीति है कि चुनाव जीतने के लिए हिंदू विरोधियों का इस्तेमाल करो। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने महाकाल लोक, सोमनाथ, केदारनाथ, काशी विश्वनाथ जैसे मंदिरों का भव्य लोक निर्माण करवाया है। अयोध्या में राम मंदिर भी भाजपा सरकार के समय में ही बन रहा है। भाजपा जहां एक ओर आस्था के केंद्रों के पास बुनियादी सुविधाएं जुटवा रही है, वहीं कांग्रेस के लोग हिंदुओं के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। 

ये भी पढे़ं- CSIR ने की 11 वैज्ञानिकों को शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार-2022 देने की घोषणा 

 

 

संबंधित समाचार