वाराणसी : BHU में शोध प्रवेश परीक्षा के बुलेटिन में खामियां बता छात्रों ने किया प्रदर्शन
वाराणसी, अमृत विचार। काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सैकड़ों की संख्या में पहुंचे विश्वविद्यालय के छात्र प्रदर्शन करने लगे। सोमवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय की तरफ से जारी शोध प्रवेश परीक्षा के बुलेटिन में खामियां बताते हुए विश्वविद्यालय के छात्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचे। परीक्षा नियंत्रक के मिलने जा रहे छात्रों को गेट पर ही रोक दिया गया। जिसके बाद सुरक्षाकर्मी और छात्रों के बीच बहस शुरू हो गई। परीक्षा नियंत्रक के कार्यालय में जाने को लेकर छात्रों और प्रॉक्टोरियल के जवानों के बीच तीखी नोकझोक हुई। वहीं छात्र अपनी मांगों को लेकर परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
छात्रों का आरोप है, कि शोध प्रवेश परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय की तरफ से जारी बुलेटिन में काफी खामियां है। छात्रों ने इसे षड्यंत्र बताते हुए आरोप लागया कि इन खामियों को दूर करने को लेकर कई बार छात्रों के द्वारा पत्रक दिया गया, लेकिन इसके बावजूद छात्रों की मांग को नजर अंदाज कर दिया गया। छात्रों ने चेतावनी दी है, कि यदि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों की अनदेखी करेगा,तो वह बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ये भी पढ़ें -UP में सड़क की होगी पांच साल की गारंटी, CM Yogi के सख्त निर्देश, कहा- माफियाओं को ठेके से रखें दूर
