गोंडा : मेला देखने गए युवक की चाकू मारकर हत्या, एक अन्य घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में सोमवार को चेहल्लुम का मेला देखने गए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।‌ युवक को बचाने दौड़े उसके साथी को भी चाकू मार कर घायल कर दिया गया। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  वारदात के बाद फिरोजपुर गांव में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपी की तलाश में जुटी है। 

कोतवाली देहात के थाना क्षेत्र के खोरहंसा बाजार का रहने वाला साकिब अपने मामा इसरार खान व टेपरा गांव के रहने वाले एक अन्य रिश्तेदार तस्लीम के साथ सोमवार को फिरोजपुर गांव में चेहल्लुम  मेला देखने गया था। प्रत्यक्षदर्शी इसरार खान का कहना है कि मेले में दौलतपुर गांव के रहने वाले एक युवक को साकिब का धक्का लग गया। धक्का लगने से युवक नाराज हो गया और उसने साकिब को पकड़ लिया। दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। दोनों के बीच के वाद विवाद को जब तक वह समझ पाता युवक ने चाकू निकाल लिया और साकिब पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। तस्लीम साकिब को बचाने दौड़ा तो आरोपी ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया। इसरार ने शोर मचाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला। मेले में चाकूबाजी की वारदात से अफरा तफरी मच गयी। इसरार का कहना है कि उसने साकिब और तस्लीम को उठाया और दोनों को लेकर अस्पताल की तरफ भागा। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। दोनो को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने साकिब को मृत घोषित कर दिया। घायल तस्लीम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक साकिब के शव का पंचनामा भरकर उसे अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : मूसलाधार बारिश से ट्रेनों का संचालन पटरी से उतरा, यात्री बेबस

संबंधित समाचार