हल्द्वानी: दहेज के लिए विवाहिता का उत्पीड़न, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। विवाहिता ने पति व ससुरालियों पर दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत पर काठगोदाम थाना पुलिस ने पति व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

आरती कश्यप पुत्री नन्हे कश्यप निवासी गोकुल नगर ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि बीती 9 मई 2022 को उसका विवाह अजय कश्यप पुत्र मान सिंह कश्यप निवासी हिमालय फार्म के साथ हुआ था। विवाह में मायके वालों ने हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। शादी के बाद से ही विवाहिता का उत्पीड़न शुरू हो गया।

आरोप लगाया कि जब महिला गर्भवती हुई तो जबरन उसका गर्भपात करवा दिया। इसी वर्ष मई में पति सड़क हादसे में घायल हुआ तो इलाज के नाम पर 50 हजार रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया। एक माह बाद विवाहिता ने बेटी को जन्म दिया। तब भी पति ससुरालियों ने नामकरण संस्कार के लिए 50 हजार रुपये मायके से लाने दबाव बनाने लगे।

जब दाल नहीं गली तो पति व ससुरालियों ने बुरी तरह मारपीट की और फोन भी छीन लिया। बाद में मायके वालों ने पुलिस की मदद से ससुराल से बाहर निकाला। संदेह जताया कि पति ने दूसरा विवाह कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति एवं ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

संबंधित समाचार