बहराइच: दर्ज प्राप्त राज्यमंत्री के निरीक्षण में अनुपस्थित मिली 85 छात्राएं, मेडिकल कॉलेज का भी लिया जायजा
बहराइच, अमृत विचार। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डॉ. देवेन्द्र शर्मा दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बभनी रिसिया का निरीक्षण किया। आवासित बालिकाओं के पठन-पाठन, भवन, कक्ष-कक्षों, छात्रावास तथा परिसर इत्यादि की साफ-सफाई, मेस इत्यादि व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान आयोग अध्यक्ष ने बालिकाओं से पढ़ाई और अन्य कार्य के बारे में पूछा। डॉ. शर्मा ने बेटियों से उनकी पाठ्यक्रम से सम्बन्धित जानकारी प्राप्त की। विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए निर्देश दिया कि बच्चियों के भोजन में हरी सब्जी को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाय।
डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने कक्षा 10, 11 एवं 12 की क्लासेज़ में जाकर छात्राओं से उनके पाठ्यक्रम से सम्बन्धित प्रश्न पूछने पर बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर देने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षण स्टाफ को निर्देश दिया कि बेटियों को क्वालिटी बेस्ड शिक्षा के साथ-साथ उन्हें खेल एवं अन्य अन्य सोशल एक्टिविटी हेतु प्रेरित किया जाय।
डॉ. शर्मा ने बच्चियों की मांग पर उनके लिए क्रिकेट स्पोट्स किट की व्यवस्था करने का अधिकारियों को निर्देश दिया। प्रधानाचार्य डॉ. संदीप त्रिपाठी से दशमोत्तर कक्षाओं में संचालित अभ्युदय कोचिंग की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। प्रधानाचार्य ने उन्हें यह भी बताया कि यहां पंजीकृत 475 छात्राओं के सापेक्ष आज 390 की उपस्थिति है।
आश्रम पद्धति विद्यालय के निरीक्षण के उपरान्त डॉ. शर्मा ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेगमपुर तथा इसी परिसर में अवस्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने बच्चियों व उनके अभिभावकों का कुशलक्षेम, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेकर मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी।
विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा पहाड़ा व कविता सुना देने पर डॉ. शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। यहां पर डॉ. शर्मा ने 02 गर्भवती महिलाओं एवं 02 बच्चों को अन्नप्रासन्न कराया। इसके बाद अध्यक्ष ने महर्षि बालार्क चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड के पीकू वार्ड, एनआरसी व ओपीडी का निरीक्षण कर मौजूद चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होंने वहां पर भर्ती बच्चों के अभिभावक व उनके तीमारदारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने पर यहां की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। इसके पश्यात् डॉ शर्मा ने जिला कारागार का निरीक्षण कर करागार में निरुद्ध महिल बन्दियों के साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा, दीक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि यहां पर बच्चों की शिक्षा व खेल की व्यवस्था की जाय।
निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा केडी गोस्वामी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर गुप्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर व जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-घोसी उपचुनाव में हार एक एक्सीडेंट: केशव प्रसाद मौर्य का दावा- 2024 में जीतेंगे सभी 80 सीट
