बरेली: पाइप लाइन बिछाने के लिए जेसीबी से सड़क नहीं खोदेंगे ठेकेदार
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ की बैठक
बरेली, अमृत विचार। पाइप लाइन बिछाने के लिए अब जेसीबी से सड़क की खोदाई नहीं की जाएगी, बल्कि कटर से सड़क काटी जाएगी। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में इसके निर्देश दिए। बैठक में सबसे ज्यादा शिकायतें जल जीवन मिशन के तहत होने वाली सड़कों की खोदाई की रहीं।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, बिजली, जल जीवन मिशन, सिंचाई समेत कई अन्य विभाग से आमजन को होने वाली समस्याओं से होने वाली असुविधा का मामला प्रमुखता से उठाया।फरीदपुर विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल ने फरीदपुर रोड से भउआपुर रोड, मालपुर कमालपुर रोड, फरीदपुर से भुता रोड, आईटीबीपी से बुखारा रोड, धौराटांडा से मिर्जापुर शाही रोड, सीबीगंज से जोगीठेर मार्ग आदि सड़कों की स्थिति खराब होने और निर्माणाधीन मार्गों के परे होने की जानकारी चाही। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कौन-कौन सी सड़कें स्वीकृत हैं और कितनी लागत की हैं, इसका विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाए ताकि वह आमजन को जवाब दे सकें। डीएम ने दिवाली तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और मंडी परिषद की सड़कों का विवरण लेकर गड्ढा मुक्ति का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत पटेल ने लिंक मार्गों पर कार्य कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को एनओसी देने की बात कही। नवाबगंज विधायक डाॅ. एमपी आर्य ने नलकूपों के कुलाबे बंद होने और जिले में जगह-जगह वाहन चेकिंग के नाम पर जाम की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में शीघ्र बैठक करेंगे। सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने मझगवां के ग्राम मोहम्मदगंज गौटिया के प्राथमिक विद्यालय में गंदगी और जलभराव को लेकर नाराजगी जताई तो डीपीआरओ को विद्यालय में सफाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। सीएमओ को आयुष्मान भवः कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित होने वाले आयोजनों की क्षेत्रवार जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि वह भी आयोजनों में प्रतिभाग कर सकें।
यह रहे बैठक में मौजूद
बैठक में मेयर डाॅ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डाॅ. डीसी वर्मा, डाॅ. एमपी आर्या, डाॅ. राघवेन्द्र शर्मा, अताउर रहमान, एसएसपी घुले सुशील चन्द्रभान, मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. सुदेश कुमारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए तेजवंत सिंह मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: सूदनपुर तटबंध क्षतिग्रस्त, गांवों की तरफ बढ़ा पानी, दहले किसान
