बरेली: दबंग ने जीना दुश्वार किया तो महिला ने कर ली आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पति से अलग रह रही एक विवाहिता को दबंग ने इस कदर परेशान किया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला मोबाइल में दबंग के खिलाफ बयान रिकार्ड कर गई। कहा कि दबंग उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। पति से अलग रह रही महिलाओं …

बरेली, अमृत विचार। पति से अलग रह रही एक विवाहिता को दबंग ने इस कदर परेशान किया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला मोबाइल में दबंग के खिलाफ बयान रिकार्ड कर गई। कहा कि दबंग उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। पति से अलग रह रही महिलाओं का वह यौन शोषण करता है। इसी दबंग से तंग आकर वह आत्महत्या कर रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

बारादरी के नवादा शेखान निवासी रमनपाल ने बेटी राखी श्रीवास्तव की शादी 2010 में प्रेमनगर के पटेल नगर के दीपक श्रीवास्तव से हुई थी। कुछ समय बाद दोनों का विवाद हो गया।

इसके बाद राखी ने पति और ससुराल वालों पर दहेज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया। राखी अपने बेटे आर्यन (8) के साथ पिछले तीन सालों से मायके में ही रह रही थी।

20 दिन पहले उसने कृष्णा नगर कॉलोनी में मकान किराये पर लिया था। शनिवार को वह मायके आई और बेटे को यह कहकर यहां छोड़ गई कि उसे नाना-नानी की याद आ रही है।

रविवार सुबह रमनपाल ने राखी के मोबाइल पर फोन किया तो फोन बंद आ रहा था। काफी देर तक जब उससे बात नहीं हो सकी तो राखी का भाई नितीश और उसकी बहन मौक पर पहुंचे तो देखा की राखी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मोबाइल देखा तो उसमें राखी ने सात-आठ रिकार्डिंग कर रखीं थीं। रिकार्डिंग में राखी ने कहा था कि उसका घर बर्वाद करने वाला कोई और नहीं बल्कि मोहल्ले का रहने वाला राम प्रासद यादव है।

वह लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। रामप्रसाद ने उसे परेशान कर दिया था। राखी के पिता ने आरोपी राम प्रसाद यादव निवासी नवादा शेखान के खिलाफ बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जब तक उसे सजा नहीं मिलेगी मेरी आत्मा को इंसाफ नहीं मिलेगा
राखी को आरोपी रामप्रसाद यादव ने कितना परेशान किया होगा यह उसके मरने से पहले वीडियो में दर्ज बयानों से पता चलता है। राखी ने आत्महत्या से पहले कई वीडियो अपने मोबाइल में रिकार्ड किए। इसमें उसने अपने पति से प्यार का इजहार भी किया है। कहा कि राम प्रसाद के कारण वह अपने प्यार से दूर हो गई। राम प्रसाद उसे तंग करता है और गंदे गंदे आरोप लगाता है। उसका यही काम है वह पति से दूर रह रही महिलाओं को अपने शिकंजे में फंसाकर उनका शोषण करता है और विरोध करने पर उन्हें धमकाता है। वह कई अन्य महिलाओं के साथ यह सब कर चुका है। इसी कारण वह आत्महत्या करने को मजबूर हो गई है। जब तक कानून उसे सजा नहीं देगा उसकी आत्मा को इंसाफ नहीं मिलेगा।

शरीर पर थे गहरे चोटों के निशान
राखी के पैरों पर गहरे चोटों के निशान थे। जैसे उसे डंडे से पीटा गया हो। एक पैर पर नीले निशान थे और दूसरे पांव पर लाल निशान थे, लग रहा था कि उसे घसीटा गया हो। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा की उसके शरीर पर कहीं और चोटें तो नहीं थी और उसकी मौत का कारण क्या है।

“महिला के पिता ने नामजद शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। महिला के मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है।”– – शितांशु शर्मा, इंस्पेक्टर बारादरी

संबंधित समाचार