CSJMU Convocation: 28 सितंबर को होगा दीक्षांत समारोह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मेधावियों को प्रदान करेंगी मेडल एवं उपाधि
कानपुर में 28 को होगा सीएसजेएमयू का दीक्षांत समारोह।
कानपुर में सीएसजेएमयू यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह 28 सितंबर को होगा। इसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मेधावियों को मेडल एवं उपाधि प्रदान करेंगी।
कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सत्र 2022-23 के दीक्षांत समारोह का आयोजन 28 सितंबर को किया जाएगा। विश्वविद्यालय के रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में होने वाले इस आयोजन में कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मेधावियों को मेडल एवं उपाधि प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. अनिल कुमार गुप्ता, संस्थापक हनी बी नेटवर्क एवं विजिटिंग फैकल्टी, आईआईएम अहमदाबाद रहेंगे। दीक्षांत समारोह 11 बजे से शुरू होगा।
विश्वविद्यालय में सोमवार को कार्यपरिषद की बैठक में 38 वें दीक्षान्त समारोह के लिए मेडल मेरिट लिस्ट का अनुमोदन किया गया। सेंटर ऑफ अकादमिक भवन में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में हुई बैठक में दीक्षान्त समारोह में पीएचडी अवॉर्ड वाले स्कालर्स की सूची मंजूर की गई।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित अनुदानित विभागों में सह आचार्य, सहायक आचार्य व अस्सिटेंट इंजीनियर पद पर चयन समिति की रिपोर्ट भी मंजूर की गई। नैक, एनआईआरएफ, क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग के लिए शोध कारणों को बढ़ावा देने के संबंध में प्रो. शलभ, डीन एकेडमिक अफेयर्स आईआईटी
कानपुर की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय समिति का गठन हुआ। इस बार दीक्षांत समारोह में हर विषय के टॉपर को सम्मानित किया जाएगा। अभी तक सिर्फ फैकल्टी के टॉपर को ही सम्मानित किया जाता रहा है। बैठक में आईपीआर ( बौद्धिक संपदा अधिकार) पर पॉलिसी बनाए जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिये आईपीआर और टेक्नोलॉजी ट्रान्सफर सेल का गठन किया जाएगा।
जिनके द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि विश्वविद्यालय के शिक्षको द्वारा सभी पेटेन्ट विश्वविद्यालय के नाम से किया जायेगा। पेटेन्ट का व्यय वहन विश्वविद्यालय कोष से किया जायेगा। इसके लिये 5 लाख के बजट का प्रावधान किया जायेगा। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, वित्त नियंत्रक अशोक कुमार त्रिपाठी, परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार समेत सभी कार्यपरिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
