शाहजहांपुर: ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बोले परिजन, जमीन अधिग्रहित किए जाने की आशंका में सदमे में गई जान

जलालाबाद, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव उबरिया के ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव मंगलवार दोपहर गंगा एक्सप्रेस वे के किनारे पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन अधिग्रहित किए जाने की आशंका में ग्रामीण की सदमे में मौत हुई है। मौके से शव उठाकर परिजन व ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लाद कर घर ला रहे थे। इसी बीच घटना से आक्रोशित लोगों ने शाहजहांपुर रोड पर कलक्टरगंज के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक कर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने लोगों को समझाकर शांत किया। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।

गांव उबरिया निवासी रीना देवी ने बताया कि गांव उबरिया के पास गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे नयागांव गुलड़िया के पास औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीन व मकान अधिग्रहित करने की तैयारी चल रही है। नयागांव गुलड़िया उबरिया गांव का मजरा है, जिसमें उनके पति रंजीत के नाम 10 बीघा खेत हैं और इसी से परिवार का पालन-पोषण होता है। जब जमीन अधिग्रहित होने की चर्चा सुनने के बाद पति 50 वर्षीय रंजीत सदमे में आ गए। वह कई दिन से इस बात को लेकर चिंतित थे।

मंगलवार सुबह वह गंगा एक्सप्रेस वे के पास निकल गए, जहां उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजन उसको अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई मौत से जमीन अधिग्रहित होने की आशंका वाले किसानों में रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने शव रोड पर रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर तहसीलदार पैगाम हैदर व पुलिस फोर्स पहुंचा।

ग्रामीणों का कहना था कि जमीन अधिग्रहण न करने को लेकर कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है, इसके बाद भी कोई सकारात्मक उत्तर नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों को डर सता रहा है कि उनकी जमीन अधिग्रहित कर ली जाएगी।, जब ऐसा होगा तो फिर ग्रामीणों के सामने स्थिति और भी खराब हो जाएगी। इसी वजह से ग्रामीण आशंकित हैं और इसी आशंका में रंजीत की मौत हो गई है। तहसीलदार पैगाम हैदर ने लोगों को बताया कि अभी किसी की जमीन अधिग्रहित नहीं की जा रही है, यदि अधिग्रहित की गई तो उसका जमीन मालिक को उचित मुआवजा दिया जाएगा। तब कहीं जाकर लोग शांत हुए।

गांव उबरिया निवासी रंजीत के परिवार वाले जमीन अधिग्रहित की चर्चा पर उसकी सदमे में हार्ट अटैक से मौत बता रहे हैं। परिजनों समझाकर शांत किया गया है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई, तो प्रशासन आर्थिक मदद देगा- पैगाम हैदर, तहसीलदार।

संबंधित समाचार