Interview: भाजपा के नव नियुक्त दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह बोले- विपक्ष लिमिटेड कंपनियां, पांच दिन काम बाकी आराम
कानपुर में भाजपा के नव नियुक्त दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने अमृत विचार से की बातचीत।
कानपुर में भाजपा के नव नियुक्त दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने अमृत विचार से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष लिमिटेड कंपनियां, पांच दिन काम बाकी आराम है।
कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे पूरी ईमानदारी के साथ निभाना है। मुझे पार्टी ने दक्षिण जिले के अध्यक्ष का काम दिया है, लेकिन मैं एक सच्चे कार्यकर्ता के रूप में ही काम करना चाहता हूं। मेरा लक्ष्य दक्षिण जिले में पार्टी को घर-घर तक पहुंचाना है।
इसके लिए हमारे कार्यकर्ता सिपाही की तरह तैनात हैं। दिन हो या रात हर वक्त हम जनता के बीच खड़े रहेंगे। लोकसभा चुनाव में हम बड़े मतों के अंतर से जीतने जा रहे हैं। शहर से इस बार दो लाख की लीड लेने का लक्ष्य है। यह बात भाजपा के नव नियुक्त दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने अमृत विचार से बातचीत में कही। प्रस्तुत हैं उनके साथ हुए सवाल-जवाब…
- पार्टी ने लोकसभा चुनाव से पहले बड़ी जिम्मेदारी दी है, क्या कहेंगे।
यह मेरे लिए बड़ी चुनौती है। हम जीत तो रहे हैं, लेकिन अंतर बढ़ाना है। कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को जोड़ना है। बूथों को मजबूत करना है।
- कानपुर भाजपा का गढ़ बनता जा रहा है, यह बरकरार रहे, इसकी क्या रणनीति है।
हमारी रणनीति यही है कि हमेशा जनता के बीच रहा जाए। चुनाव हो या न हो हम कार्य लगातार करना चाहते हैं। एक चुनाव खत्म होता है तो हम आराम से नहीं बैठते दूसरे की तैयारी में लग जाते हैं। यही हमारी मजबूती है।
- लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए चुनौती क्या है।
कोई चुनौती नहीं है। महापौर के चुनाव हमने बड़े अंतर से जीता। सारी पार्टियां एक हो जाएं नोटा भी साथ ले लें, फिर भी हमसे यहां जीत नहीं सकते।
- विपक्ष द्वारा भाजपा को हराने के दावे को कैसे देखते हैं।
विपक्ष प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह है, पांच दिन काम बाकी दिन आराम। वह केवल चुनाव के समय आते हैं, जनता यह बात अच्छे से जानती है। सबके अपने-अपने स्वार्थ हैं। भाजपा को हराने की छोड़िए, इनके बड़े नेता पहले अपनी सीट तो बचाएं।
- भाजपा के जिलाध्यक्षों की नई लिस्ट में अनुसूचित जाति को जगह नहीं दी गई क्यों?
ऐसा नहीं है, एक जिले में जिम्मेदारी दी गई है। हम दलितों, पिछड़ों और उपेक्षितों के लिए ही कार्य कर रहे हैं। केंद्र की योजनाएं इन्हीं तबकों के लिए आती हैं। मुस्लिमों को भी इसका लाभ मिल रहा है।
- दक्षिण जिले को मजबूत करने के लिए क्या रोडमैप है।
बूथ मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। बूथ अध्यक्षों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जोड़ रहे हैं। जहां समस्या आ रही है, वहां बड़े पदाधिकारी जा रहे हैं। हमारे पास मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम है। जिनके माध्यम से घर-घर पहुंच रहे हैं।
- सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार हिंदू धर्म पर विवादित बयान दे रहे हैं, क्या लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।
जो भी हिंदू धर्म के खिलाफ बोल रहा है, वह सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए ऐसा कर रहा है। इनको हिंदू धर्म के बारे में कुछ नहीं पता। जनता इतनी बेवकूफ नहीं है कि, इनकी मनगढ़ंत बातों पर अपना समय खराब करे।
