संभल: महिला दरोगा से छेड़खानी में दो सिपाही गिरफ्तार, निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहजोई/संभल, अमृत विचार। चंदौसी के गणेश चौथ मेले से ड्यूटी कर वापस लौट रही  महिला दरोगा का दो सिपाहियों ने पीछा किया। महिला दरोगा ने टोका तो दोनों सिपाहियों ने छेड़खानी व अभद्रता की।

महिला दरोगा की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रात में ही मुकदमा दर्ज कर दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। अमरोहा जनपद के गजरौला थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक सीमा गणेश चौथ मेले में की ड्यूटी पर थीं।

महिला दरोगा का कहना है कि अचानक तबीयत खराब होने पर वह रात एक बजे अपनी कार से गजरौला वापस लौट रही थीं। इस बीच एक कार ने उसकी कार का पीछा किया तो महिला दरोगा ने बहजोई के इस्लामनगर चौराहे से कुछ दूरी पर कार रोक ली।

पीछा कर रही कार से उतर कर सिपाही पवन चौधरी उसके पास पहुंचा। महिला दरोगा ने सिपाही से उसकी कार का पीछा करने का कारण पूछा तो सिपाही पवन चौधरी व उसका साथी दूसरा सिपाही रविंद्र अभद्रता व गाली गलौज करने लगे। मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।

महिला दरोगा ने डायल 112 को सूचना दी तो डायल 112 पुलिस के साथ ही बहजोई थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत को मामले की जानकारी दी गई तो उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये। इसके बाद दोनों सिपाहियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला दरोगा सीमा ने दोनों सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रात में ही उन्हें निलंबित कर दिया गया। सिपाहियों को बर्खास्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।

ये भी पढ़ें:- संभल: गबन का आरोपी सचिव गिरफ्तार, प्रधान की गिरफ्तारी बाकी

संबंधित समाचार