लखीमपुर खीरी: ग्राम पंचायत में लगेंगे सीसी कैमरे, पीएएस सिस्टम होगा शुरू
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों में सीसी कैमरे लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। यह कैमरे गांवों के चौराहों, गलियों में लगाए जाएंगे। इन्हें ग्राम पंचायतों के सचिवालयों से जोड़ा जाएगा।
अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने जारी आदेश में कहा है कि ग्राम पंचायत के तहत आने वाले तिराहों व चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थान, हाट बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। इसकी निगरानी ग्राम पंचायत कार्यालय पर ग्राम सचिवालय कर्मचारी करेंगे।
प्रधान, ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिक और कर्मचारी मिलकर कैमरे लगाने के स्थान चिन्हित करेंगे। व्यक्तिगत स्थान पर कैमरे नहीं लगाए जाएंगे। इसके अलावा पीएएस सिस्टम (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) भी तैयार किया जाएगा।
ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों, ग्राम सचिवालय, प्राथमिक उच्च प्राथमिक विद्यालय, सरकारी कार्यालय, प्रमुख मार्गों, ग्राम पंचायत के मुख्य प्रवेश द्वार, निकास द्वार पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के तहत लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे।
सचिवालय की कनेक्टिविटी संबंधित थाना, ब्लॉक मुख्यालय, प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला मुख्यालय या पुलिस कार्यालय से भी की जाएगी। कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के उपकरण खरीद के मानक भी तय किए गए हैं। इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में एक समिति भी गठित की गई है। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी एनआईसी, पुलिस अधीक्षक द्वारा नामित अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी को भी शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: दो पक्षों में जमकर मारपीट, ईट पत्थर और चले धारदार हथियार...पांच घायल
