नंदिनी कृषक समृद्धि योजना : 25 गायों से खुलेगी डेयरी, 31 लाख मिलेगी सब्सिडी
प्रदेश में गोवंशीय पशुओं की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तैयारी
बरेली, अमृत विचार। गोवंशीय पशुओं के दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने और किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए नंदिनी कृषक समृद्धि योजना लांच की गई है। 25 गायों की डेयरी खोलने पर प्रदेश सरकार 31 लाख रुपये की सब्सिडी देगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। बरेली में चार डेयरी खोलने को मंजूरी दी गई है।
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज की सहायक बीएल कामधेनु फॉर्म्स और प्रशासन योजना के तहत दुधारू पशु स्थानांतरण तकनीक और आईवीएफ तकनीक के जरिए अत्यधिक नस्ल सुधार केंद्र स्थापित करेगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। बीएल कामधेनु फॉर्म्स डेयरी उत्पादों और पशुधन की उच्चतम गुणवत्ता विकसित की जाएगी। डेयरी किसानों और पशुपालकों को सशक्त बनाने के लिए योजना लाभकारी साबित होगी।
योजना के तहत डेयरी खोली जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य मवेशियों की नस्ल और दूध उत्पादन को बढ़ावा देना है। परियोजना की लागत 62 लाख रुपये है। इसमें सरकार 31 लाख की सब्सिडी देगी। पशुपालक या डेयरी संचालक थारपर, गिरी और साहीवाल नस्ल की दुधारू गायों को डेयरी में रखेंगे। इसके लिए नस्ल सुधार केंद्र स्थापित किया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक दुधारू नस्ल की बछियों को बढ़ावा दिया जा सके। दावा है कि एक गाय 24 घंटे में 50 लीटर तक दूध देगी।
27 तक डेयरी के लिए होंगे आवेदन
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ मेघश्याम ने बताया कि योजना के तहत डेयरी खोलने के लिए 27 सितंबर तक आवेदन होंगे। 30 सितंबर को लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। 20 अक्टूबर तक उनके अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। बीएल कामधेनु फॉर्म्स लिमिटेड की टीम ने मंगलवार को कमिश्नर की अध्यक्षता में महत्वाकांक्षी प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस दौरान अधिकारी मौजूद रहे। जिला डेयरी और पशुपालन विभाग के अधिकारी प्रदीप कुमार, सीडीओ जग प्रवेश, एडी एग्रीकल्चर राजेश कुमार, अपर निदेशक पशुपालन डाॅ. एलके वर्मा आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- जिला अस्पताल : आभा आईडी की रफ्तार दोगुनी, हर दिन 300 मरीजों को मिल रहा लाभ
