BHU में बाउंसर नहीं गुंडे हैं तैनात, जर्नलिस्ट ने घसीटकर मारपीट करने का लगाया आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छीन लिया मोबाइल व सोने की चेन, पुलिस को दी तहरीर  

वाराणसी, अमृत विचार। बीएचयू के मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल में कवरेज करने गए पत्रकार के साथ बाउंसरों ने गुरुवार को जमकर मारपीट की। पत्रकार ओमकारनाथ ने आरोप लगाया है कि आधा दर्जन बाउंसरों ने उसके साथ मारपीट करते हुए घसीटकर एक कमरे में ले गए। वहां  मोबाइल और सोने की चेन छीन ली साथ ही जान से मारने की धमकी दी। पत्रकार किसी तरह अपनी जान बचाकर प्राक्टोरियल आफिस पहुंचे। ओमकारनाथ ने  लंका थाने में तहरीर देकर पुलिस को घटना से अवगत कराया। 

पत्रकार ओमकारनाथ गुरुवार को न्यूज कवरेज करने के लिए मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल गए थे। उसी दौरान कुछ बाउंसर यूरोलाजी के ओपीडी में दिखाने आए मरीज के परिजन जफराबाद के पांडेय पट्टी निवासी शिवकुमार के साथ मारपीट कर रहे थे। पत्रकार को देखकर बाउंसर उन पर हमलावर हो गए। मिर्जापुर के चुनार थाना के सोनबरसा निवासी विकास सिंह, बगहा के राहुल उपाध्याय के साथ ही चार-पांच अज्ञात बाउंसरों ने मारपीट की। पत्रकार को घसीटते हुए एक कमरे में ले गए। वहां पत्रकार से जमकर मारपीट की। इसी दौरान दरवाजे के चौखट से टकराकर पत्रकार गिर गए। बाउंसरों ने पत्रकार का मोबाइल व सोने की चेन छीन ली। पत्रकार किसी तरह भागकर मुख्य आरक्षाधिकारी कार्यालय पहुंचे। 

वहां पहले से मौजूद लंका एसओ अश्वनी पांडेय व प्राक्टोरियल बोर्ड के अधिकारियों से आपबीती बताई। वहीं शरीर पर लगे गहरे चोट के निशान भी दिखाए। पीड़ित पत्रकार ने बताया कि बाउंसर रूपी गुंडे घटना की शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने लंका थाने में तहरीर देकर पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर पत्रकारों के साथ ही बीएचयू के छात्र संगठनों में भी आक्रोश है।

ये भी पढ़ें -निपुण परीक्षा: बच्चे प्रश्नपत्र और शिक्षक उलझे ओएमआर शीट में, 1792 स्कूलों में हुई परीक्षा

संबंधित समाचार