
बरेली: पूर्व मंत्री डॉक्टर दिनेश जौहरी का निधन, लगातार तीन बार रहे थे विधायक
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर दिनेश जौहरी का बरेली में शुक्रवार को उनके आवास पर निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। कल्याण सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉक्टर दिनेश जौहरी (80) लंबे समय से बीमार थे और उनका उपचार किया जा रहा था।
शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा समेत सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। डॉक्टर जौहरी बरेली शहर विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे।
वह 1985 में पहली बार भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए और 1989 में भी उन्होंने अपनी जीत बरकरार रखी। 1991 में उन्हें कल्याण सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही लोग शोक व्यक्त करने के लिए शहर के प्रेम नगर स्थित उनके आवास पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: मीरगंज पुलिस का खेल...थाने में बदल दी हादसे के बाद सीज ट्रॉली, जानें मामला
Comment List