बरेली: किसानों का जल्द भुगतान करें चीनी मिलें- कमिश्नर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कमिश्नर ने किसानों के भुगतान और चीनी मिलों में मरम्मत के काम को पूरा करने पर दिया जोर

बरेली, अमृत विचार। चीनी मिलें पिछले पेराई सत्र का गन्ना भुगतान जल्द करें। निर्धारित तारीखों में ही चीनी मिलों का संचालन शुरू हो जाना चाहिए। यह निर्देश शुक्रवार को कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने मंडलीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।

बैठक में उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि मंडल की चीनी मिल बहेड़ी पर 142.69 करोड़, नवाबगंज पर 55.89 करोड़, बरखेड़ा पर 186.69 करोड़, मकसूदापुर पर 147.43 करोड़, बिसौली पर 38.07 करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने बताया कि मंडल की चीनी मिलों में मरम्मत कार्य 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह चीनी मिलों में चल रहे मरम्मत कार्य का अपने स्तर से भी निरीक्षण करके हकीकत जानें। इस दौरान उप गन्ना आयुक्त राजीव राय, उप चीनी आयुक्त राजेश वर्मा, सहायक चीनी आयुक्त मनीष शुक्ला, जिला गन्ना अधिकारी बरेली यशपाल सिंह, जिला गन्ना अधिकारी बदायूं हेमराज सिंह, जिला गन्ना अधिकारी पीलीभीत खुशीराम समेत चीनी मिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

इन तिथियों पर शुरू होगा पेराई सत्र
बरेली की बहेड़ी चीनी मिल 25 अक्टूबर, फरीदपुर की आठ नवंबर, मीरगंज और नवाबगंज की पांच नवंबर, सेमीखेड़ा की 21 नवंबर, पीलीभीत की एक नवंबर, बरखेड़ा की आठ नवंबर, बीसलपुर और पूरनपुर की 15 नवंबर, निगोही की पांच नवंबर, मकसूदापुर की 8 नवंबर, रोजा की एक नवंबर, तिलहर की 14 नवंबर, पुवायां की 20 नवंबर, बिसौली की दो नवंबर, बदायूं की 19 नवंबर को चलाने की तिथि निर्धारित की गई है।

ये भी पढ़ें- 

संबंधित समाचार