अयोध्या: ट्रस्ट के खाते में वापस हुई हड़पी गई रकम
अयोध्या, अमृत विचार। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्र्स्ट के बैंक खाते से क्लोन चेक बना कर हुई छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में हड़पी गई रकम ट्रस्ट के खाते में वापस करा दी गई है। जालसाजों ने ट्रस्ट के भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा नया घाट के खाते पर निर्गत चेकबुक …
अयोध्या, अमृत विचार। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्र्स्ट के बैंक खाते से क्लोन चेक बना कर हुई छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में हड़पी गई रकम ट्रस्ट के खाते में वापस करा दी गई है। जालसाजों ने ट्रस्ट के भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा नया घाट के खाते पर निर्गत चेकबुक के 3 पन्नों का क्लोन बनाकर जालसाजी की थी।
1 से 8 सितंबर के बीच चेक बुक के 2 पन्नों के क्लोन चेक से ट्रस्ट के खाते से लखनऊ स्थित पंजाब नेशनल बैंक के खाते में छह लाख की रकम ट्रांसफर कराई गई थी। हालांकि तीसरे क्लोन चेक से 9 लाख 80 हजार रुपये की रकम दूसरे खाते में अंतरण कराने के दौरान मामला पकड़ में आ गया था। प्रकरण में ट्रस्ट महासचिव ने अज्ञात के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा पंजीकृत कराया था।
इसके साथ ही पीएनबी के खाते में अंतरित रकम में से अवशेष दो लाख रुपए के निकासी पर रोक लगवा दी गई थी। पुलिस उक्त खाताधारक की तलाश में मुंबई गई हुई है। ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने बताया कि एसबीआई प्रबंधन ने फर्जी चेक और फर्जी हस्ताक्षर से ट्रस्ट खाते से निकाली गई पूरी रकम छह लाख रुपये ट्र्स्ट के खाते में वापस करा दी है।
