बरेली: त्योहारों पर टिकटों की दलाली रोकने के लिए चलेगा ''ऑपरेशन उपलब्ध''

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सर्विलांस टीमें कर रहीं आईआरसीटीसी के निजी खातों की निगरानी

बरेली, अमृत विचार। त्योहारों पर ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर दलाल भी सक्रिय हो जाते हैं। वे बर्थ दिलाने के नाम पर लोगों से मनमाना पैसा वसूलते हैं। इन पर कार्रवाई के लिए रेलवे ऑपरेशन उपलब्ध चलाएगा। इसके लिए इज्जतनगर और मुरादाबाद रेल मंडल आरपीएफ ने तैयारी शुरू कर दी है।

आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर निजी आईडी से निर्धारित संख्या में ही टिकट बुक किए जा सकते हैं लेकिन बीते दिनों बड़ी तादाद में ऐसे मामले सामने आए जब जनसेवा केंद्र और इंटरनेट कैफे से निजी आईडी से टिकट बुक किए गए थे। ऐसे लोगों को पकड़कर आरपीएफ ने रेलवे एक्ट में कार्रवाई की थी। इनमें कई आरोपी ऐसे भी थे, जो आईआरसीटीसी के अधिकृत एजेंट थे, लेकिन निजी आईडी से टिकट बुक कर रहे थे।

आरपीएफ इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि पांडेय ने त्योहार के मौके पर सर्विलांस टीमों को लगा दिया है। उन्होंने बताया कि आईआरसीटीसी पर संदिग्ध निजी खातों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही इनकी एक सूची तैयार कर कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके अलावा मंडल स्तर से टीमों का भी गठन किया जाएगा।

यात्रियों से वसूलते हैं मनमानी रकम
अक्टूबर से नवंबर के बीच त्योहार होने की वजह से ट्रेनों में सफर करने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हो जाता है। इस दौरान कंफर्म टिकट मिलने में भी काफी दिक्कत होती है। ऐसे में जो लोग खुद टिकट बुक करना नहीं जानते या फिर उन्हें अचानक यात्रा करनी पड़ती है तो दलाल इसका फायदा उठाकर मनमाना पैसा वसूलते हैं। दलाल कंफर्म टिकट देने के बदले 200 से 300 रुपये तक अधिक धनराशि वसूलते हैं, इससे न सिर्फ रेलवे को नुकसान होता है बल्कि यात्रियों को अधिक पैसा चुकाना पड़ता है।

ये भी पढ़ें- बरेली: नगर पालिका ने नाले पर बनाई पुलिया...दबंगों ने तोड़ी, वारदात CCTV में कैद

संबंधित समाचार