बरेली: गिरफ्तारी वारंट जारी होते ही नेपाल भाग गया था आतिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

समय बिताने के बाद निश्चिंत होकर पहुंचा प्रयागराज तो दबोचा गया

बरेली, अमृत विचार। बरेली सेंट्रल जेल में बंद रहने के दौरान माफिया अशरफ से मुलाकात करने से लेकर अन्य अपराधों में लिप्त अतीक के गुर्गे आतिन को शनिवार को पुलिस प्रयागराज से बरेली लेकर पहुंची। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपी आतिन जफर वारंट जारी होते ही नेपाल भाग गया था। वहां लंबा समय बिताने के बाद वह निश्चिंत होकर प्रयागराज आ गया। जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इसी साल मार्च में बिथरी चैनपुर थाने में अतीक-अशरफ के साले सद्दाम, लल्ला गद्दी, आतिन जफर समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद से जफर फरार चल रहा था, जबकि लल्ला गद्दी और अन्य आरोपी जेल में है। इस मामले में कोर्ट ने आतिन जफर और गुड्डू बमबाज का गैर जमानती वारंट जारी किया था। वारंट जारी होते ही जफर बहराईच के रास्ते नेपाल भाग गया था। वह अपना मोबाइल भी प्रयागराज में छोड़ गया था। लंबे समय से नेपाल में लगातार लोकेशन बदलकर रह रहा था। जब उसे लगा कि अब पुलिस की नजर उस पर नहीं है तो वह नेपाल से प्रयागराज पहुंचा। इसके बाद अपना मोबाइल दोबारा से चालू किया। मोबाइल ऑन होते ही पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली और प्रयागराज पुलिस की मदद से दबोच लिया। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि आरोपी वारंट जारी होने के बाद प्रयागराज से नेपाल भाग गया था। वहां से वापस आते ही गिरफ्तार कर लिया गया।

रुपये खत्म होने लगे तो वापस आया
पूछताछ में आरोपी आतिक ने बताया कि वह नेपाल जाते समय लाखों रुपये लेकर गया था लेकिन पुलिस से बचने के लिए वह अलग-अलग स्थानों पर रहा। उसके पास रुपये भी खत्म होने लगे थे। साथ ही लंबा समय नेपाल में बिताने पर उसे लगने लगा था कि अब पुलिस ने उसे तलाश करना छोड़ दिया होगा। उसे क्या पता था कि प्रयागराज आते ही वह गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अशरफ के साले सद्दाम की कुंडली खोली
बरेली लाने के बाद आतिन से थाना प्रभारी समेत पुलिस के उच्चाधिकारियों ने लंबी पूछताछ की। इस दौरान गुड्डू बमबाज से लेकर अन्य लोगों के बारे में उसने काफी जानकारी दी। माफिया अशरफ के साले सद्दाम के बारे में पुलिस ने खासतौर पर उससे पूछताछ की। इस दौरान उसने सद्दाम की पूरी कुंडली खोलकर पुलिस के सामने रख दी। अब उससे मिली जानकारी को आधार बनाकर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
आतिन के पिता का लिखा भाषण पढ़ता था अतीक

आतिन ने पूछताछ में बताया कि उसके पिता जफरुल्ला अतीक अहमद के बेहद करीबी थे। उसके पिता का लिखा भाषण अतीक चुनावी मंच से अक्सर पढ़ता था। बताया कि मोहित जायसवाल को जेल में पीटने पर अतीक के साथ ही उसके पिता पर भी मुकदमा दर्ज हुआ था। उसके पिता लखनऊ सेंट्रल जेल में बंद हैं। इसी दौरान उसकी दोस्ती अतीक के बेटे असद से हुई थी। असद और सद्दाम से करीबी के चलते वह लखनऊ के लुलु मॉल से वाकर्स कंपनी के बिस्किट लाकर बरेली जिला जेल में बंद अशरफ को पहुंचाता था।

ये भी पढ़ें- बरेली: छात्रों की कम उपस्थिति पर फिर रोका 47 स्कूलों के स्टॉफ का वेतन

संबंधित समाचार