बरेली: 30 करोड़ से ज्यादा के टेंडर पास, अगले माह से दिखेंगे विकास कार्य
नगर आयुक्त ने सभी अफसरों को एक साथ बैठाया
बरेली, अमृत विचार। शहर में डेढ़ साल से रुके विकास कार्यों को पंख लगने वाले हैं। अगले महीने कई जगह काम होते दिखेंगे। नगर निगम अफसरों की 10 दिन से चली आ रही कवायद का असर हुआ है कि लगभग 30 करोड़ से ज्यादा के काम के टेंडर पास हो गए हैं। उनमें से कुछ का वर्क आर्डर भी जारी हो गया है। नए वाहन और उपकरण खरीदने का भी रास्ता साफ हो गया है।
नए बोर्ड के गठन के बाद ही मेयर डा. उमेश गौतम ने विकास कार्यों को कराने की घोषणा कर दी थी। लेकिन यह काम तीन माह बाद भी धरातल पर नहीं आ पाए। उधर नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने विकास कार्य नहीं होने का कारण जाना तो पता चला कि कई टेंडर ही नही हुए हैं, जो टेंडर हुए हैं वह भी अधूरे हैं। इस समस्या के निदान के लिए नगर आयुक्त ने सभी अफसरों को एक साथ बैठाकर एक लक्ष्य के तहत काम करने को कहा।
नगर आयुक्त ने 10 दिनों से निर्माण, पर्यावरण, लेखा और टेंडर कमेटी के सदस्यों को अपने ही कक्ष में बैठाकर केवल टेंडरों के काम को ही पूरा करने के निर्देश दे रखे थे। नतीजन अब तक लगभग 30 करोड़ से ज्यादा के काम लगभग फाइनल हो गए हैं।
इसमें एनकैप के तहत खरीदने जाने वाले हत्थू ठेले, कूड़ा उठाने के लिए वाहनों की खरीद, अलग-अलग जगहों पर रोड साइड पटरी पर प्लांटेशन कराने के काम के वर्क आर्डर भी जारी हो गये हैं। संजय नगर रोड का टेंडर भी चेक हो गया है। कुछ काम तो इसी सप्ताह होते दिख जाएंगे, जबकि ज्यादातर काम अगले माह के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएंगे।
ये भी पढ़ें- बरेली: छात्रों की कम उपस्थिति पर फिर रोका 47 स्कूलों के स्टॉफ का वेतन
