Banda News: रिवॉल्वर का ट्रिगर दबने से चली गोली, पेट में लगने से मासूम हुई लहूलुहान, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

बांदा में पेट में गोली लगने से मासूम लहूलुहान हो गई।

बांदा में रिवॉल्वर का ट्रिगर दबने से मासूम के पेट में गोली लग गई। गोली लगने से मासूम लहूलुहान हो गई। परिजन मासूम को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए।

बांदा, अमृत विचार। रिवॉल्वर से चली गोली मासूम बच्ची के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गई। जिसकी पुष्टि डॉक्टर ने की है। आनन-फानन मासूम बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बच्ची को लेकर चले गए। उधर पुलिस द्वारा दी गई जानकारी डॉक्टर से मेल नहीं खा रही। सही बात पता नहीं चल पा रही है।

किरन कॉलेज चौराहा निवासी रामफेर पीओपी का काम करता है। उसके पास लाइसेंसी रिवॉल्वर है। शनिवार की शाम वह रिवाल्वर में कुछ कर रहा था। इसी बीच अचानक ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई। गोली नजदीक खेल रही मासूम बेटी अनुप्रिया (2) के पेट में दाहिने तरफ जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी और तड़पने लगी। बेटी को गोली लग जाने के बाद रामफेर और परिजन अवाक रह गए।

फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन लहूलुहान हालत में अनुप्रिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सक प्रदीप गुप्ता ने उसका उपचार किया। डॉक्टर के मुताबिक गोली अनुप्रिया के पेट में दाहिने तरफ लगी है।

उधर, पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दोनों बातें आपस में मेल नहीं खा रहीं। सीओ नरैनी नितिन कुमार के मुताबिक कपड़ों में रिवॉल्वर रखी हुई थी। अचानक गिर जाने से गोली मासूम बच्ची के पैर में लगी है। हकीकत क्या है इसका राज अभी नहीं खुल पाया है।

संबंधित समाचार