रामपुर: ट्रक से गिरी नोटों की कतरने बनी पुलिस का सिरदर्द, जांच के लिए भेजी जाएंगी प्रयोगशाला
नोटों की कतरनों को आयकर विभाग की छापेमारी से जोड़ रहे लोग
शाहबाद, अमृत विचार। रविवार को ट्रक से गिरी नोटों की कतरन पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब दो बोरे कतरन कब्जे में ले ली है। हालांकि पुलिस का दावा है कि कतरन चिल्ड्रन करंसी की है, लेकिन फिर भी पुलिस संतुष्टि के लिए कतरन को जांच के लिए भेजेगी। लोगों का मानना है कि रामपुर में पिछले दिनों आयकर टीम द्वारा की गई छापामारी के दौरान यह रकम ठिकाने लगाई गई है।
रविवार सुबह शाहबाद-बिलारी मार्ग पर मंगोली के पास सड़क पर नोटों की कतरन पड़ी मिलीं। ग्रामीणों का कहना है कि वहां से एक ट्रक गुजरा था, जिसमें कतरन भरी हुई थी। लोगों ने इसकी फोटो और वीडियो वायरल कर दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां से करीब दो बोरे कतरन भरकर कोतवाली ले आई।
कोतवाल अनुपम शर्मा का कहना है कि ये बच्चों के खेलने वाले नोटों की कतरन है, लेकिन फिर भी किसी प्रकार की कमी न रह जाए, इसके लिए कतरन को प्रयोगशाला भेजकर चेक भी कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। लोगों ने कयास लगाना शुरू कर दिया कि रामपुर में पिछले दिनों पड़े आयकर के छापे के चलते ये रकम ठिकाने लगाई गई है।
ये भी पढे़ं- रामपुर: नेपाल की रानी थापा ने लखीमपुर की मस्ताना को चटाई धूल
