मुरादाबाद : जिला अस्पताल में तीस बेड का कोविड आईसीयू तैयार
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना काल में संक्रमित मरीजों के लिए एक अच्छी खबर है। कोई गंभीर मरीज संक्रमित पाया जाता है तो उसे निजी अस्पतालों में भर्ती होने की जरूरत नहीं होगी। महिला अस्पताल मैटरनिटी विंग में वेंटीलेटर युक्त आईसीयू तैयार हो गया है। तीस बेड के इस आईसीयू से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। इमरजेंसी …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना काल में संक्रमित मरीजों के लिए एक अच्छी खबर है। कोई गंभीर मरीज संक्रमित पाया जाता है तो उसे निजी अस्पतालों में भर्ती होने की जरूरत नहीं होगी। महिला अस्पताल मैटरनिटी विंग में वेंटीलेटर युक्त आईसीयू तैयार हो गया है। तीस बेड के इस आईसीयू से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। इमरजेंसी में उन्हें यह सुविधा फौरन मिल सकेगी।
मंडल स्तर के जिला अस्पताल में वेंटीलेटर न होने से कोरोना काल में मरीजों को काफी परेशानी हुई। टीएमयू में कोविड अस्पताल एल-टू की व्यवस्था तो हो गई लेकिन पांचों जिलों के मरीजों का यहां भर्ती किया जाना बेड संकट का कारण बनता रहा है। ऐसे में जिले के कई मरीजों को समय पर इलाज न मिलने का खतरा भी बना रहा।
जिला अस्पताल में वेंटीलेटर की व्यवस्था को लेकर शासन ने अस्पताल प्रशासन और सीएमओ से प्रस्ताव तैयार करने को कहा। अब इस अस्पताल में वेंटीलेटर युक्त आईसीयू की कमी दूर कर दी गई है। महिला अस्पताल मैटरनिटी विंग को एल-टू के रूप में तैयार कर दिया गया है। चीफ फार्मासिस्ट शिशुपाल सिंह ने बताया कि इस अस्पताल में सौ बेड हैं। इनमें तीस बेड आईसीयू में हैं। दस वेंटीलेटर आईसीयू में लगाए गए हैं। एक वेंटीलेटर से तीन बेड के मरीजों को इलाज मिल सकता है। सत्तर बेड का जनरल वार्ड तैयार है।
बरेली से आएंगी आठ हजार रैपिड एंटीजन किट
रैपिड एंटीजन किट से हुई जांच का आंकड़ा 90 हजार के करीब पहुंच गया है। लगातार टीमें प्रतिदिन पंद्रह सौ से ढाई हजार के करीब लोगों की कोरोना जांच कर रही हैं। ऐसे में आठ हजार किट और आ रही हैं। इन्हें बरेली से प्राप्त किया जाएगा।
आरटीपीसीआर से कोरोना जांच को लेकर बढ़ी संख्या को कम करने के लिए रैपिड एंटीजन किट से कोरोना जांच का एक राहत भरा विकल्प स्वास्थ्य विभाग ने खोजा था। शासन के निर्देश के बाद इस किट से कोरोना जांच शुरू की गई। करीब एक महीने से कोरोना जांच चल रही है जिसमें अब तक 90 हजार के करीब किट का इस्तेमाल हो चुका है। चीफ फार्मासिस्ट शिशुपाल सिंह ने बताया कि बरेली और मुरादाबाद की किट एक साथ आती हैं। किट बरेली पहुंच चुकी हैं। अब उन्हें मुरादाबाद लाया जाएगा।
