बरेली: अर्दली के भाई की संदिग्ध मौत का एक साल बाद भी खुलासा नहीं, SSP से इंसाफ की गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित परिजन फोटो

बरेली, अमृत विचार। शहर में एक अर्दली के भाई के हत्यारे एक साल बाद भी खुलेआम घूम रहे हैं। लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस मामले में मृतक के परिजनों ने आज एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। साथ ही विवेचना कर रही पुलिस पर भी हत्यारों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। 

दरअसल, फरीदपुर थाना क्षेत्र में सरकड़ा गांव के रहने वाले मोरपाल बरेली में एसीएम प्रथम के अर्दली हैं। जिनके भाई होरी लाल की दबंग चचेरे भाइयों से बंटवारे की जगह पर कब्जे को लेकर पिछले साल अगस्त में विवाद हो गया था। इस दौरान उनके दबंग चचेरे भाइयों ने उन्हें एक महीने के भीतर देख लेने की धमकी दी थी। परिजनों के मुताबिक विवाद शांत होने के बाद होरीलाल क्योलड़िया थाना क्षेत्र स्थित बरखना गांव में अपनी ससुराल चले गए। जहां से अपने साले को दवाई दिलाने उत्तराखंड के हरिद्वार गए। आरोप है इस बीच धमकी देने वाले दबंग कल्यान उर्फ यादराम ने 4 सिंतबर 2022 को होरीलाल के 10 वर्षीय बेटे हरवीर से उसके पिता के बारे में पूछा, तो उसने कहा कि वह मामा की दवाई दिलाने हरिद्वार गए हैं। 

इसके बाद 5 सिंतबर की सुबह और दोपहर को दबंग यादराम ने फिर पूछा तो होरीलाल के बेटे ने बताया कि वह आज घर लौट आएंगे। इसके बाद यादराम अपनी गाड़ी से गांव के अड्डे पर पहुंच गया। परिजनों के मुताबिक 5 सितंबर 2022 की दोपहर को ही करीब साढ़े तीन बजे होरी लाल सरकड़ा गांव के पास किसी वाहन से उतरे। जिन्हें गांव के ही सोमपाल और बिशारतगंज के रहने वाले लालता प्रसाद ने भी उतरते हुए देखा था। 

इस दौरान उन लोगों के साथ अन्य लोगों ने भी देखा था कि यादराम अपनी बाइक पर बैठाकर होरी लाल को फरीदपुर की तरफ ले जा रहा था। इसके बाद रात करीब 10 बजे एक खेत में पड़ी एक झोपड़ी के पास से गांव वालों ने बचाओ-बचाओ की आवाज सुनी, इस दौरान धर्मपाल नाम के एक शख्स ने देखा तो पुलिस सिंह उर्फ राजपाल, यादराम उर्फ कल्यान, रामौतार, दिनेश उर्फ राम, जमुना प्रसाद और राज कुमार ईंटों से होरी लाल को मार रहे थे। 

वहीं हत्या के बाद होरी लाल के शव को हाइवे पर फेंक दिया गया। परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस में केस दर्ज कराया। पीड़ित परिजनों के मुताबिक पुलिस ने हत्यारों से मिलीभगत करके केस दबा दिया है। वहीं अब मामले में बरेली क्राइम ब्रांच जांच कर रही है, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित परिजनों ने घटना के दिन होरी लाल के बरेली में सेटेलाइट के पास का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी है। वहीं इस क्रम में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने आज एसएसपी से मुलाकात कर इंसाफ की गुहार लगाई है।

ये भी पढ़ें- बरेली: ई-रिक्शा की टक्कर से 9 साल के मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार