Kanpur News: जनता को पुरानी घटिया सड़क दे गए PWD मंत्री जितिन प्रसाद, पांच साल लगे बनने में, अब ऐसी हो गई हालत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है।

कानपुर में पुरानी टूटी सड़क का पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने लोकार्पण कर दिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई कारणों से सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका था। अब सड़क का निर्माण पूरा हुआ है तो लोकार्पण कराया गया।

कानपुर, [अभिनव मिश्रा]। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने गजब का कारनामा कर दिखाया है। वर्ष 2018 में बननी शुरू हुई 11.75 किमी लंबी सड़क का लोकार्पण पांच साल बाद शनिवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद से करा दिया गया।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई कारणों से सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका था। अब सड़क का निर्माण पूरा हुआ है तो लोकार्पण कराया गया, लेकिन जिस सड़क का लोकार्पण किया गया है उस सड़क पर 13 से ज्यादा जगहों पर विभाग ने लोकार्पण से पहले पैचवर्क कराया था। यानी सड़क बनकर टूट भी चुकी थी।

यहां से होकर गुजरती है सड़क

यह सड़क नौ नंबर गुमटी क्रॉसिंग से होते हुए छपेड़ पुलिया से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए विजय नगर, दादानगर से ज्ञान प्रकाश मार्ग होते हुए एनएच-2 बाईपास तक 11.75 किलोमीटर लंबी है। पांच साल बाद सड़क के लोकार्पण पर अब सवाल उठने लगे हैं। लोकार्पण पर सवाल उठने के बाद अमृत विचार की टीम उस सड़क की ग्राउंड रियल्टी देखने के लिए पहुंची।

दोपहर करीब तीन बजे उस छोर पर पहुंची जहां से सड़क का निर्माण शुरू हुआ। टीम सबसे पहले नौ नंबर क्रॉसिंग पर पहुंची, यहां पास में ही सड़क की सरफेस उखड़ने लगी है। गड्ढे तो नहीं, लेकिन वाहन गुजरते समय वाहन सवार को हिचकोले जरूर लगते हैं। यहीं से कुछ दूरी पर रोड पर छोटे-छोटे दर्जनों गड्ढे देखने को मिले। यहां से आगे बढ़ते हुए छपेड़ा पुलिया के पास भी छोटे-छोटे गड्ढे मिले, यहां सड़क पर ही गिट्टी पड़ी मिली। यहां से आगे बढ़ने पर नमक फैक्ट्री चौराहा पहुंचे, जहां अवैध कब्जे की वजह से रोड का एक हिस्सा बंद है। करीब 50 मीटर की सड़क को पीडब्ल्यूडी ने करीब 30 साल से नहीं बनाया था, यहां सड़क तक नहीं है। 

छोटे-बड़े पैचवर्क कराए जा चुके

नमक फैक्ट्री चौराहा से आगे बढ़ते हुए विजय नगर चौराहा तक सड़क पर 13 से अधिक जगहों पर छोटे-बड़े पैचवर्क किए गए हैं। कुछ पैचवर्क कई दिन पहले और कुछ लोकार्पण के ठीक एक दिन पहले कराए गए है। विजय नगर चौराहा पर भी पैचवर्क किया गया है। विजय नगर से डबल पुलिया जाने वाली लेन में हाल ही में जलकल ने सीवर लाइन डालने का काम किया था। ऐसे में करीब एक किलोमीटर लंबाई में यह सड़क खोदी गई थी। करीब सात महीने बाद इस सड़क का निर्माण नगर निगम ने एक करोड़ खर्च पर कराया है।

सड़क पर जगह-जगह बजरी फैली हुई है, जिससे वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। इसके बाद दादानगर ढाल पर भी ताजा पैचवर्क मिला। विजय नगर से दादानगर तक एक-एक गड्ढे को अधिकारियों ने पैच कर दिया था, क्योंकि इसी रोड से मंत्री जितिन प्रसाद का काफिला निकलना था। थम्सअप चौराहा पर पुल का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन जलकल ने करीब 200 मीटर पाइप लाइन डालने के लिए रोड की खुदाई की हुई है। ये सड़क अभी अधूरी है। आगे ये सड़क नेशनल हाईवे-2 पर मिल गई है। 

11 किमी की सड़क को पूरा करने में लगे पांच साल

इस सड़क के निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। 2018 मंल सड़क का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन पांच साल बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। आलम ये है कि जब मंत्री द्वारा लोकार्पण से पहले, 13 से ज्यादा जगहों पर अधिकारियों को पैचवर्क कराना पड़ा। 

लापरवाह ठेकेदार को हटा दिया गया था। दूसरे ठेकेदार से कार्य पूरा कराया गया, इसे भी पूरा करने में पांच साल लग गए। सड़क को गड्ढा मुक्त कर दिया गया है। सड़क निर्माण पूरा नहीं हो सका था, इसलिए अब लोकार्पण कराया गया।- राकेश यादव, अधिशासी अभियंता, पीडब्लयूडी

संबंधित समाचार