अराजकता और भ्रष्टाचार फैलाने वाले ही महागठबंधन में हुए शामिल : ब्रजेश पाठक

अराजकता और भ्रष्टाचार फैलाने वाले ही महागठबंधन में हुए शामिल : ब्रजेश पाठक

देवा/ बाराबंकी, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को यहां कहा कि अराजकता और भ्रष्टाचार फैलाने वालों ने इंडिया महा गठबंधन में शामिल होकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। देश में एक बार फिर मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डेंगू के हालात चिंताजनक नहीं है। सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां और संसाधन उपलब्ध हैं। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से बेहतर हुई हैं।

पाठक दुंदपुरवा बरेठी स्थित नारायण सेवा संस्थान में विधि विधान के साथ श्री लक्ष्मी नारायण की मूर्ति स्थापना और पूजा के पश्चात पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। महिला आरक्षण के मामले पर उन्होंने पीएम मोदी की जमकर प्रशंसा की और कहा कि इस कानून के बनने के बाद से महिलाओं को बराबर सम्मान मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फैलते हुए डेंगू को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश में डेंगू की स्थिति चिंताजनक नहीं है, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, यूपी की स्वास्थ्य सेवाएं पहले से बेहतर हुई हैं उन्होंने साफ यह भी कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर वह लगातार निरीक्षण भी करते हैं और प्राप्त होने वाली शिकायतों पर कार्यवाही भी करते हैं।

नारायण सेवा संस्थान के कार्यक्रमों का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा किनारायण सेवा संस्थान समाज को नई दिशा देने का काम करेगा संस्थान के माध्यम से बेरोजगार नौजवान कृषक एवं महिलाओं को स्थानीय स्तर पर कृषि एवं पशुपालन आधारित रोजगार सृजन के लिए प्रशिक्षण की भी दूरगामी योजना तैयार की जाएगी इसके लिए विभिन्न विभागों से समन्वय बनाकर काम किये जाने की जरूरत है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्थानीय स्तर पर बेरोजगार नौजवान एवं महिलाओं को प्रशिक्षणोपरान्त उन्हें कुशल श्रमिक के प्रगतिशील  किसान रूप में पारंगत कर उन्हें रोजगार सृजन हेतु ऋण भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि नवयुवकों व कृषकों का पलायन रुक सके।नारायण सेवा संस्थान ने समाज को गतिशील एवं राष्ट्रीय भावना को विकसित करने का जो लक्ष्य तय किया है उससे परिवार समाज व राष्ट्र के नवनिर्माण में प्रभावी सहयोग मिलेगा। 

उपस्थित लोगों को विरेन्द्र प्रकाश (क्षेत्र संघचालक) व कृष्ण मोहन (अवध संघ चालक), सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष प्रभु नारायण,  मीडिया प्रभारी अभिषेक गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक संयोजक अजय श्रीवास्तव अज्जू , कार्यकारी अध्यक्ष विपिन सिंह ट्रस्टी देवेंद्र श्रीवास्तव मालवीय मिशन अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट  , समाजसेवी रुपनारायण  ,  देवराज सिंह एडवोकेट महिला पदाधिकारी मोनी गौतम , गुड़िया यादव व समाजसेविका अनुराधा सिंह , किसान नेता परशुराम रावत आदि ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम के दौरान वेदपाठी ब्राह्मणों ने वेद मंत्रोच्चार कर वातावरण को गुंजायमान कर दिया और सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया: की कामना की।

ये भी पढ़ें -महर्षि वाल्मीकि क्रिकेट टूर्नामेंट : मेडिकल कॉलेज ने माया नगर को 36 रन से पराजित किया