Kanpur Dehat News: किसान को कुचला, फिर घास डाल चढ़ाए अवैध खनन में लगे कई डंपर, क्षत-विक्षत हो गया शव… हंगामा
कानपुर देहात देहात में अवैध खनन में लगे डंपर ने किसान को कुचला।
कानपुर देहात देहात में अवैध खनन में लगे डंपर ने किसान को कुचल दिया। इसके बाद घास ऊपर डालकर एक के बाद एक कई डंपर चढ़ा दिए। ग्रामीणों ने हंगामा कर 13 घंटे तक शव उठने नहीं दिया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। सुनवरषा गांव में खेत की रखवाली को गए किसान को मिट्टी खनन में लगे डंपर ने कुचल दिया। जिसके बाद खनन में लगे एक के बाद एक कई डंपर निकल गए। जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। एएसपी व एसडीएम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब 13 घंटे बाद आठ लाख रुपये मुआवजा व दो बीघा भूमि पट्टा आवंटन के आश्वासन पर शव उठ सका। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के सुनवरषा निवासी आकाश (20) पुत्र छोटेलाल के गांव के बाहर खेत हैं। सोमवार की रात वह खेतों की रखवाली करने गया था। उसी दौरान कैरानी गांव से खनन कर आ रहे एक डंपर ने आकाश को कुचल दिया। लोगों ने बताया कि आकाश को कुचलने के एक के बाद कई डंपर चढ़ते हुए निकल गए। जिससे शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया। आसपास के लोगों ने यह नजारा देख गांव में सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोग आक्रोशित हो गए और शव को मैथा-कैरानी मार्ग पर मंगलवार की भोर रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंचे एएसपी राजेश पांडेय, एसडीएम मैथा जितेंद्र कटियार, सीओ तनु उपाध्याय भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों का कहना था कि न्यू भाऊपुर जंक्शन के करीब रेलवे गतिमान योजना के तहत माल गोदाम बनवाया जा रहा है। जिसमें मिट्टी डालने के लिए रनियां के गोपी जादौन, मंसूर अहमद व सुनवरसा के राहुल चौहान, अमन को पट्टा दिया गया है।
लेकिन निर्धारित जगह के बजाय ग्राम समाज की जमीन पर रात को अवैध खनन किया जा रहा था। जिसमे लगे डंपर से आकाश की मौत हुई है। इसलिए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और मुआवजा दिलाया जाए। घंटों चली कवायद के बाद पीड़ित परिजनों को आठ लाख रुपये मुआवजा व दो बीघा भूमि का पट्टा आवंटित करने पर सहमति बनी। जिसके बाद शव उठाया जा सका। शिवली कोतवाल एसएन सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्जकर शव पीएम को भेजा गया है।
मैथा चौकी इंचार्ज की सरकार कार पर पथराव
डंपर से कुचलकर युवक की मौत की सूचना पर मैथा चौकी इंचार्ज राम सिंह सरकारी कार से घटनास्थल पर पहुंचे। उन्हें देखकर लोगों का आक्रोश बढ़ गया और पथराव कर दिया। जिससे सरकारी कार का शीशा चटक गया। मौके की नजाकत देख चौकी इंचार्ज मौके से चले गए और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। बाद में एएसपी, एसडीएम, सीओ समेत रनियां, शिवली व रसूलाबाद थाने से फोर्स मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली।
आक्रोश देख रनियां थाने में समझौता
अवैध खनन में लगे डंपर से कुचल कर मौत के बाद लोगों की भारी भीड़ लग गई और हंगामा होने लगा। अधिकारियों के समझाने पर भी लोग बिना कार्रवाई व मुआवजे के शांत नहीं हुए। जिसके बाद परिवार के लोगों को समझाकर रनियां थाने लाया गया और सुलह-समझौते की बात शुरू हुई। मंगलवार शाम करीब चार बजे मुआवजा व रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई हुई।
रात में मिट्टी खनन की रिपोर्ट भेजेंगे एसडीएम
सुनवरषा गांव के लोगों ने बताया कि मिट्टी खनन के लिए जिस जगह अनुमति दी गई थी। उसके बजाय ग्राम समाज की जमीन पर अवैध खनन हो रहा था। जल्दबाजी के चलते डंपर चालक ने टक्कर मार दी। वहीं एसडीएम मैथा जितेंद्र कटियार ने कहा कि रात मंे खनन करने की अनुमति नहीं है। इसे रोकने की जिम्मेदारी पुलिस की है। इस बावत खान अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
