मुरादाबाद : अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों पर करें कार्रवाई, रोकें अवैध खनन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भूमाफिया के खिलाफ करें कार्रवाई, बिना रिफ्लेक्टर के न चले कोई ट्रॉली-ट्रैक्टर, मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विकास कार्यों और कर करेत्तर की मंडलीय समीक्षा बैठक

मुरादाबाद, अमृत विचार। सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के मूल्यांकन, कर-करेत्तर राजस्व प्राप्तियों, राजस्व कार्यों की प्रगति की मंडलीय समीक्षा बैठक मंगलवार को मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने अपने कार्यालय सभागार में की। उन्होंने कहा कि अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों पर कार्रवाई करें और अवैध खनन रोकने के प्रभावी कदम उठाएं।

मंडलायुक्त ने निराश्रित गोवंश के संरक्षण में जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को गंभीरता दिखाने के लिए कहा। अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, चकबंदी के मामलों का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया। वाहन कर माल व यात्री कर में बिजनौर की स्थिति खराब होने पर सुधार करने की हिदायत दी।

मंडलायुक्त ने संभागीय परिवहन अधिकारी से अनाधिकृत संचालित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई का विवरण मांगा। कहा कि बिना रिफलेक्टर के कोई ट्रैक्टर - ट्राली न हो। वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने के लिए औचक निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की ओर से किए जा रहे प्राथमिकी पर गंभीरता दिखाने के लिए जिलाधिकारियों से कहा। विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि प्राथमिकी की जगह वसूली पर अधिक ध्यान दें।

खनन अधिकारी को नदियों में अवैध खनन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अमरोहा तथा संभल के खनन विभाग के अधिकारी को अवैध खनन अधिक शिकायत पर गंभीर होने की हिदायत दी। अभियान चलाकर बिना नंबरप्लेट वालों पर कार्रवाई करने और रामपुर के आबकारी विभाग के अधिकारी को कर संग्रह की स्थिति खराब होने पर ठीक से कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने भू-माफिया के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिलाधिकारी मुरादाबाद मानवेन्द्र सिंह, अमरोहा राजेश कुमार त्यागी, संभल मनीष बंसल, बिजनौर अंकित कुमार अग्रवाल, अपर आयुक्त प्रशासन प्रथम ब्रजेश सिंह, उपायुक्त प्रशासन गजेन्द्र प्रताप सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त, सीडीओ मुरादाबाद सुमित यादव सहित अन्य जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों को गंभीरता से लें
मंडलायुक्त ने आईजीआरएस पोर्टल पर आ रही शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर दिया। कहा कि समाधान दिवस के दिन ही समाधान कराने का पूरा प्रयास करें। अपशिष्ट प्रबंधन में रामपुर की स्थिति खराब होने पर सुधार करने और मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू नियंत्रण के प्रभावी उपाय कर मरीजों का इलाज सुनिश्चित करें। अस्पतालों में दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों व मुख्य विकास अधिकार से सत्यापन करने के लिए कहा।

जर्जर खंभे व तार बदलें
विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि जर्जर तार और खंभों का सत्यापन कराकर उसे बदलें। पीएम किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत सत्यापन करके प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।

श्रमिक पंजीयन में लापरवाही पर नाराजगी
मंडलायुक्त ने श्रमिकों के पंजीयन में लापरवाही पर संभल और बिजनौर के अधिकारी पर नाराजगी जताई। सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों और नक्षत्र शालाओं के संचालन में विशेष ध्यान देने के लिए कहा। बेसिक शिक्षा के प्राथमिक और जूनियर स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की लेखन, पठन और गुणा भाग (गणित) की क्षमता का विकास करने के लिए निर्देश दिया।

पुराने मामले जल्द निपटाने को कहा
मुरादाबाद। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में कानून एवं विधि व्यवस्था, अपराध नियंत्रण की बैठक हुई। उन्होंने अभियान चलाकर पुराने मामलों को जल्द निपटाने के लिए कहा। बैठक में आईजी पुलिस मुनिराज जी के अलावा सभी जिलों के जिलाधिकारी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : एक करोड़ से अधिक का बिजनेस करने वाले स्टार्टअप में भारत विश्व में तीसरे स्थान पर

संबंधित समाचार