शाहजहांपुर: कंबाइन से कुचलकर हेल्पर की मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुवायां, अमृत विचार। धान की कटाई के दौरान कुचलकर हेल्पर की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव सरहाली में हुई। हेल्पर के पिता ने कुछ लोगों पर रंजिशन कुचल कर मार डालने का आरोप लगाया।

हेल्पर अकरम (22) पुत्र सगीर करनापुर गांव का निवासी था। पुलिस ने सूचना पाकर कंबाइन के हेल्पर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। प्रभारी निरीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में मृतक अकरम के पिता सगीर खान ने कहा है कि उसके बेटे साबी पुत्र विचित्र सिंह की कंबाइन पर हेल्परी का काम करता था।

पिता का आरोप है कि अकरम का 25 सितंबर को एक व्यक्ति से झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश के चलते मंगलवार सुबह 8 बजे कंबाइन के चालक ने उस पर कंबाइन चढ़ा दी। जिससे अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया।

वह अपने पुत्र को सरकारी अस्पताल पुवायां में इलाज के लिए लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने कहा कि उसकी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए। परिजनों का कहना है कि अकरम के कंबाइन से दबकर घायल होने के काफी देर के बाद सूचना परिवार वालों को दी गई, जिससे इलाज में देरी हुई और अकरम की मौत हो गई।

उधर, कंबाइन चालक ने पुलिस को बताया कि वह कंबाइन खेत में चल रहा था। तभी अकरम बिना उसे बताए कंबाइन के पीछे चला गया। जहां अचानक गिरकर वह पिछले वाले पहले के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई गई और वह मोबाइल नहीं होने के कारण जल्दी सूचना नहीं दे पाया।

उधर, कोतवाल प्रदीप कुमार राय ने बताया कि अभी मृतक के पिता के द्वारा कोई भी शिकायती पत्र नहीं दिया गया है। जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी, उसके बाद अगर मृतक के परिजन कानूनी कार्रवाई करने के लिए लिखित शिकायत करेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।

कंबाइन चालक को पीटा
कंबाइन के हेल्पर अकरम की मौत होने के बाद स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मृतक अकरम के परिवार वालों ने गुस्से में आकर कंबाइन चालक की जमकर पिटाई की। चालक को किसी तरह पुलिस ने बचाया।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: चोरी करने के इरादे से असिस्टेंट प्रोफेसर के घर घुसे थे शहबाज और शहरोज, जानिए मामला

संबंधित समाचार