बदायूं: पेड़ पर लटका मिला व्यापारी के इकलौते बेटे का शव
बिसौली, अमृत विचार। दिल्ली में सीमेंट व्यापारी के इकलौते बेटे का शव जूनियर हाईस्कूल परिसर में पेड़ पर लटका मिला। सुबह टहलने के लिए गए लोगों ने पेड़ पर शव देखा। उनके परिजनों को सूचना दी। किशोर के दादा पहुंचे।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत होने की पुष्टि हुई है। कोतवाली बिसौली क्षेत्र के मोहल्ला कुम्हान निवासी सुनील पाठक दिल्ली में सीमेंट का व्यापार करते हैं।
घर पर उनकी पत्नी, इकलौता 17 वर्षीय बेटा पलाश पाठक और पिता हरीशंकर घर पर रहते थे। पलाश पाठक ने सोमवार की रात घर पर खाना खाया और घर के बाहर चले गए थे। देर रात तक वह घर नहीं लौटे।
दादा ने इधर-उधर तलाश किया। उनका फोन बंद आया। कहीं कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह लोग टहलने के लिए जा रहे थे। लगभग साढ़े छह उन्होंने कस्बा बिसौली स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में पेड़ पर एक शव लटका देखा।
पास जाकर देखा तो शव पलाश पाठक का था। पास में उसका मोबाइल पड़ा था। लोगों ने किशोर के दादा हरीशंकर को सूचना दी। वह और किशोर की मां विलाप करते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए। चीत्कार मच गया।
किशोर के पिता को फोन करके सूचना दी। बिसौली के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला घटनास्थल पर आ गए। किशोर के गले में प्लास्टिक की नई रस्सी से फंदा पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जहां किशोर के परिजनों ने बताया कि रात में घर से जाने के बाद पलाश पाठक का मोबाइल बंद हो गया था लेकिन सुबह शव मिलने के दौरान उसका मोबाइल खुला था। रस्सी में पड़ी गांठ भी आगे की ओर थी।
उन्होंने किसी से भी रंजिश नहीं बताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत हैंगिंग से होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस आत्महत्या करने की वजह की तलाश कर रही है। बिसौली कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। जिसमें हैंगिंग से मौत होना बताई गई है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: गोमांस तस्करों ने पुलिस पर बोला हमला, फायरिंग में एक तस्कर घायल
