मुरादाबाद: सपा के पूर्व जिला सचिव व बेटे पर दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने का आरोप, रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। छात्रा से दुष्कर्म कर वीडियो वायरल और उसे डिलीट करने के लिए 10 लाख रुपये की मांगने के आरोप में समाजवादी के पूर्व जिला सचिव व उनके पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कर्रवाई कराई है।
नगर पंचायत में जियारत वाली मस्जिद के पीछे कैलसा रोड क्षेत्र निवासी समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला सचिव मोहम्मद शमीम उर्फ मोहम्मद तकी का बेटा नासिर दिल्ली रोड स्थित एक विश्वविद्यालय में एलएलबी का छात्र है। क्षेत्र निवासी छात्रा भी विश्वविद्यालय में ही पढ़ती है। आरोप है कि छात्र ने छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
उसको अपने मित्र के कमरे में ले जाकर आरोपी ने दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अपने दोस्त से घटना का वीडियो भी बनवाया। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने छात्रा को ब्लैकमेल किया और उसका शारीरिक व आर्थिक शोषण किया। छात्रा ने परेशान होकर अपने परिजनों को 15 दिन पहले आपबीती बताई।
इसके बाद छात्रा के परिजन अपने भाई और रिश्तेदारों को साथ लेकर समाजवादी के पूर्व नेता के घर गए। आरोप है कि उन्होंने अपने बेटे का पक्ष लेते हुए पीड़ितों के साथ गाली गलौज की।
उन्होंने पीड़ितों से 10 लाख रुपये देने पर वीडियो डिलीट करने को कहा। इस पर छात्रा के परिजनों ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उन्हें धक्का मार कर बाहर निकाल दिया। इसके बाद रिश्तेदारों ने छात्रा के पिता को दुष्कर्म की घटना का वीडियो वायरल होने की जानकारी दी। बाद में पीड़ित थाने पहुंचे। उन्होंने वीडियो को पुलिस को दिखाया और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने मोहम्मद शमीम उर्फ तकी, उनके बेटे नासिर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहम्मद शमीम उर्फ तकी के नाम से कोई हमारा पदाधिकारी मेरे संज्ञान में नहीं रहा है। अगर कोई कार्यकर्ता हो तो मैं नहीं कह सकता। मैं इस नाम के व्यक्ति को नहीं जानता हूं।- डीपी यादव, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: वरासत दर्ज न करने के शाहपुर तिगरी के लेखपाल निलंबित, मुख्यमंत्री के पास तक पहुंची थी शिकायत
