द स्पोर्ट्स हब के लिए स्मार्ट सिटी को इंदौर में मिला पुरस्कार, केन्द्रीय मंत्री ने महापौर प्रमिला पांडेय को किया सम्मानित
द स्पोर्ट्स हब के लिए कानपुर स्मार्ट सिटी को इंदौर में मिला पुरस्कार।
द स्पोर्ट्स हब के लिए कानपुर स्मार्ट सिटी को इंदौर में पुरस्कार मिला। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने महापौर प्रमिला पांडेय को सम्मानित किया।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत निर्मित ‘पालिका स्टेडियम के मार्डनाइजेशन एवं डेवलपमेंट’(द स्पोर्ट्स हब) के लिए इंदौर में पुरस्कार दिया गया।
पालिका स्पोर्ट्स स्टेडियम को देश में तीसरा स्थान मिलने पर महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा को यह अवार्ड केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिया। आईएसएसी प्रतियोगिता-2022 में कोयंबटूर के मॉडल रोड्स झीलों के विकास के लिए प्रथम स्थान, इंदौर को रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के लिए दूसरा स्थान और कानपुर के द स्पोर्ट्स हब को तीसरा स्थान मिला है।
इंदौर में बुधवार को इंडिया स्मार्ट सिटी कॉनक्लेव-2023 आयोजित हुआ। जिसमें देश के 50 शहरों के महापौर, 64 स्मार्ट सिटी के सीईओ शामिल हुए। स्मार्ट सिटी अवार्ड प्रतियोगिता-2022 के अन्तर्गत दिए गए अवार्ड को लेने शहर से महापौर प्रमिला पांडेय, नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन और स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी आरके सिंह, आईटी स्पेशलिस्ट व कार्यालय सहायक मौजूद रहे।
एमएचपीएल की ओर से निर्मित पर्यावरण पालिका स्पोर्टस स्टेडियम के मार्डनाइजेशन पर देश में तीसरे स्थान का पुरस्कार मिला है। इस दौरान केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने महापौर को अवार्ड दिया। कान्क्लेव में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्मार्ट सिटी द्वारा अपने शहरों में किए गए नवाचारों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित भी किया।
निशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा
कानपुर स्मार्ट सिटी द्वारा प्रशिक्षण के तहत नियमावली तैयार की गई है। जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा दी जा रही है। ‘द स्पोर्ट्स हब’में प्रत्येक वर्ष कुल 1000 ईडब्ल्यूएस के खिलाड़ियों को यह सुविधा दी जा रही है।
एमएचपीएल ने 14 महीने में किया निर्माण
ईपीसी निर्माणकर्ता (एमएचपीएल इंडिया) ने इस 18 महीने के प्रोजेक्ट को मात्र 14 महीने में ही पूर्ण कर लिया। द स्पोर्ट्स हब, कानपुर की तर्ज पर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र (वाराणासी) में बन रहे स्पोर्ट्स हब में उच्च अधिकारियों की विजिट के कारण एमएचपीएल के निदेशक इन्दौर में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो सके।
बता दें कि शासन द्वारा भी पालिका स्पोर्ट्स स्टेडियम को खेलो इंडिया के तहत एक बेहतर खेल प्रशिक्षण के रूप में सराहना की गई है। मुख्य सचिव द्वारा राज्य के अन्य शहरों में भी इसी स्तर का इनडोर स्पोर्टस कॉम्पलेक्स तैयार किए जाने के लिए एसओपी तैयार कराई गई है।
कॉम्पलेक्स की विशेषताएं
- स्पोर्ट्स कंपलेक्स मल्टीलेवल-मल्टी इंडोर स्पोर्ट्स कंपलेक्स है।
- यह स्टेडियम खेलों में रूचि रखने वाले व्यक्तियों और प्रोफेशनल खिलाड़ियों के लिए उपयोगी है।
- परिसर में 2 ग्लास स्कॉश कोर्ट की सुविधा
- प्रथम तल में एक इंडोर 10 मीटर की शूटिंग रेंज
- पैरा ओलम्पिक खेल की भी सुविधाएं
-विकलांगों के लिए पूरी बिल्डिंग में ईजी एक्सेस की भी सुविधाएं
- 28 ओलंपिक खेलों में से लगभग 22 प्रकार के इनडोर खेलने की सुविधा
- एनर्जी एफिशियेंट बिल्डिंग
एमएचपीपल द्वारा निर्मित द स्पोर्ट्स हब की डिजाइन, गुणवत्ता व कार्य करने की गति को लेकर देश भर में प्रशंसा हो रही है। एक और द स्पोर्ट्स हब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में निर्माणाधीन है, इसके अलावा देश के अन्य कई शहरों में भी द स्पोर्ट्स हब बनना प्रस्तावित है। इस उपलब्धि के लिए यूपी सरकार, कानपुर स्मार्ट सिटी, शहर वासी और कंपनी के कर्मचारी सभी बधाई के पात्र हैं। जिनकी वजह से आज या पुरस्कार प्राप्त हुआ है।- पीयूष अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर, एमएचपीएल
