Fatehpur News: साइबर क्राइम पर नहीं लग रही लगाम, नंबर बंद कर खाते से पार किए नौ लाख रुपये
फतेहपुर में मोबाइल नंबर बंद कर खाते से साइबर अपराधियों ने नौ लाख रुपये निकाले।
फतेहपुर में मोबाइल नंबर बंद कर खाते से साइबर अपराधियों ने नौ लाख रुपये निकाले। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की शिकायत की।
फतेहपुर, अमृत विचार। बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर बंद कर साइबर अपराधियों ने एक युवक के खाते से लाखों की रकम पार कर दी। जानकारी होने पर युवक ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। जांच के बाद एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
राधा नगर थाना क्षेत्र के जयराम नगर निवासी अभिजीत पटेल ने बताया कि उसकी फॉर्म शिव इंटरनेशनल का खाता बैंक ऑफ़ बड़ौदा में है। खाते में लगभग नौ लाख रुपए जमा थे। 13 अक्टूबर 2022 को वह बैंक में पैसा स्थानांतरण करने के लिए गया था। तब उसे खाते से लाखों की रकम निकलने की जानकारी हुई। बैंक कर्मियों ने बताया की 4 अक्टूबर को दो बार में उसके 9 लाख दो हजार रुपया ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए हैं।
पीड़ित ने बताया कि खाते में लगा उसका मोबाइल नंबर 3 अक्टूबर को अपने आप बंद हो गया था। शिकायत करने के बाद मोबाइल चालू हो गया था। लेकिन किसी भी प्रकार का कोई मैसेज नहीं आया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी थी। थाना प्रभारी राज किशोर सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
